Lucknow CityPoliticsUttar Pradesh

UP Assembly Elections की तैयारी तेज : EVM पर ‘फुल कंट्रोल’, 33 जिलों के अफसरों को सिखाया गया सुरक्षा का पूरा गेम

एफएलसी को बनाया चुनावी तैयारी का पहला बड़ा मोर्चा, EVM की आवाजाही से लेकर VVPAT स्लिप के निस्तारण तक तय किए गए कड़े प्रोटोकॉल, राजनीतिक दलों को हर चरण की जानकारी देने के निर्देश

लखनऊ, 14 सितंबर 2026:

यूपी में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर निर्वाचन आयोग ने मशीनरी को पूरी तरह अलर्ट मोड पर ला दिया है। ईवीएम की फर्स्ट लेवल चेकिंग (एफएलसी) को चुनावी तैयारियों का अहम शुरुआती चरण मानते हुए सोमवार को लखनऊ स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया उत्तर प्रदेश प्रशासन एवं प्रबंधन अकादमी (रूपाम) में 33 जिलों के निर्वाचन अधिकारियों और एफएलसी सुपरवाइजरों को तकनीकी और प्रशासनिक प्रशिक्षण दिया गया। कार्यशाला की अध्यक्षता भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग ने की।

आयोग का फोकस सिर्फ ईवीएम की तकनीकी जांच तक सीमित नहीं रहा। एफएलसी से लेकर चुनाव के दौरान मशीनों की आवाजाही, रैंडमाइजेशन, कमीशनिंग और मतगणना तक हर स्तर पर पारदर्शिता और प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

मनीष गर्ग ने जिला निर्वाचन अधिकारियों (डीएम) को निर्देश दिया कि चुनावी तैयारियों की अब नियमित समीक्षा की जाए और प्रतिदिन कुछ समय निर्वाचन कार्यों के लिए निर्धारित किया जाए। उन्होंने एफएलसी के बाद ओके मशीनों की सूची राजनीतिक दलों के साथ साझा कर विधिवत अभिस्वीकृति लेने के निर्देश दिए। अभ्यर्थियों के अंतिम रूप से निर्धारित होने के बाद कमीशनिंग से पहले यही सूची उन्हें भी उपलब्ध कराने को कहा गया।

ये भी पढ़ें:

उन्होंने स्पष्ट किया कि एफएलसी की प्रक्रिया, राजनीतिक दलों की सहभागिता और निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुपालन की जानकारी सार्वजनिक की जाए। एफएलसी के शुभारंभ और समापन को लेकर प्रेस नोट भी जारी किए जाएं। वीवीपैट स्लिप की निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रतिदिन श्रेडिंग और निस्तारण के लिए पर्याप्त और गुणवत्तापूर्ण श्रेडर उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
up-assembly-elections-evm-first-level-checking-flc-training-lucknow (2)

EVM की आवाजाही पर भी कड़ा पहरा

यूपी के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के बिना ईवीएम की कोई आवाजाही न हो। मशीनों की आवाजाही में जीपीएस ट्रैकिंग और निर्धारित मार्ग का पालन अनिवार्य होगा। उन्होंने एफएलसी स्थलों के नियमित निरीक्षण, सुपरवाइजर की लगातार मौजूदगी और कंट्रोल रूम को मजबूत रखने पर भी जोर दिया।
up-assembly-elections-evm-first-level-checking-flc-training-lucknow (3)

उन्होंने कहा कि एफएलसी जितनी मजबूत, पारदर्शी और व्यवस्थित होगी, चुनाव की आगे की प्रक्रिया उतनी ही सुचारू होगी। राजनीतिक दलों को एफएलसी की तारीखों की समय से सूचना देने और सभी अभिलेख व्यवस्थित रखने के भी निर्देश दिए गए।

मशीनों की ‘पूरी जिंदगी’ का दिया गया प्रशिक्षण

कार्यशाला में बीईएल के विशेषज्ञों ने अधिकारियों को ईवीएम के संपूर्ण जीवन चक्र की जानकारी दी। इसमें मशीनों का संचालन, रैंडमाइजेशन, कमीशनिंग, मतदान, मतगणना और मतगणना के बाद की प्रक्रियाएं शामिल रहीं। ईवीएम की तकनीकी संरचना और सुरक्षा विशेषताओं के साथ एफएलसी के दौरान आने वाली सामान्य त्रुटियों और उनसे बचने की सावधानियां भी समझाई गईं।
कार्यशाला स्थल पर ईवीएम और वीवीपैट के जरिए हैंड्स-ऑन ट्रेनिंग कराई गई। अधिकारियों ने स्वयं मशीनों का संचालन कर निर्धारित प्रक्रियाओं का अभ्यास किया। इसके बाद प्रतिभागियों का मूल्यांकन भी किया गया।

यह एफएलसी प्रशिक्षण श्रृंखला का अगला चरण है। इससे पहले 19 अगस्त को गौतमबुद्धनगर में 21 जिलों और 11 सितंबर को वाराणसी में 21 जिलों के अधिकारियों एवं कार्मिकों के लिए कार्यशालाएं आयोजित की जा चुकी हैं। सोमवार की कार्यशाला में अयोध्या, लखनऊ, कानपुर नगर, मुरादाबाद, झांसी, सुलतानपुर समेत 33 जिलों के अधिकारी और एफएलसी सुपरवाइजर शामिल हुए। कार्यशाला में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी अखंड प्रताप सिंह, भारत निर्वाचन आयोग के प्रमुख सचिव बीसी पात्रा, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी अमित सिंह समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें  UP विधानसभा का मानसून सत्र कल से, विपक्ष हमलावर, CM योगी की अपील- जनहित पर हो सार्थक बहस

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link