
बाराबंकी, 17 सितंबर 2026:
यूपी के बाराबंकी जिले में कथित Blackmailing से परेशान 18 साल की युवती ने फांसी लगाकर जान दे दी। मामला बदोसराय थाना क्षेत्र के किंतूर गांव का है। मृतका सोनी देशराज की बेटी थी। परिवार का आरोप है कि एक अज्ञात व्यक्ति उसे लगातार धमका रहा था। आरोपी सोनी के साथ उसके भाइयों को भी झूठे मुकदमे में फंसाने की बात कहकर पैसे मांग रहा था। परिवार के मुताबिक डर के चलते सोनी ने घर में रखे 15 हजार रुपये एक जनसेवा केंद्र से आरोपी के खाते में ट्रांसफर कर दिए थे।
दीवार बनवाने के लिए रखे थे 15 हजार
सोनी के बड़े भाई ओम प्रकाश यादव व मंझले भाई आशीष ने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति सामान्य है। मकान की एक दीवार बनवाने के लिए 15 हजार रुपये जुटाकर घर में रखे गए थे। इसी बीच सोनी के मोबाइल पर एक नंबर से लगातार धमकियां आने लगीं। परिवार का कहना है कि आरोपी मुकदमे में फंसाने व जेल भेजने की धमकी देकर पैसे मांग रहा था।
डर के चलते खाते में ट्रांसफर किए रुपये
परिजनों के मुताबिक धमकियों से सोनी काफी परेशान थी। उसने परिवार के किसी सदस्य को बताए बिना घर में रखे 15 हजार रुपये एक जनसेवा केंद्र के जरिए आरोपी के बताए खाते में भेज दिए। परिवार को बाद में इस रकम के ट्रांसफर की जानकारी हुई। परिजनों का आरोप है कि रुपये देने के बाद भी धमकियों का सिलसिला नहीं रुका।
भूसा लेने गई थी सोनी, लौटकर नहीं आई
बुधवार शाम करीब चार बजे सोनी पुराने घर में भूसा लेने गई थी। उस समय उसका भाई आशीष खेतों में जानवर चरा रहा था। आशीष घर लौटा तो कमरे में सोनी का शव फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।

मौत के बाद भी मोबाइल पर आती रही कॉल
परिजनों के मुताबिक सोनी की मौत के बाद भी उसका मोबाइल फोन लगातार बजता रहा। फोन की स्क्रीन पर नंबर दिखाई दे रहा था। परिवार का दावा है कि इसी नंबर से सोनी को लगातार परेशान किया जा रहा था। नंबर के शुरुआती अंकों के आधार पर इसके विदेशी नंबर होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी।
Cyber Crime की जांच में जुटी पुलिस
सूचना पर बदोसराय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में Cyber Crime के एंगल से भी जांच शुरू की गई है। पुलिस संदिग्ध मोबाइल नंबर, पैसों के ट्रांसफर से जुड़े रिकॉर्ड व अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। ब्लैकमेलिंग के आरोपों की भी पड़ताल की जा रही है।






