
लखनऊ, 19 सितंबर 2026:
UP Assembly Elections नजदीक आने के साथ सियासी बयानबाजी लगातार तीखी होती जा रही है। सुभासपा अध्यक्ष एवं योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने शनिवार को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर एक बार फिर जोरदार हमला बोला। इस बार राजभर ने अखिलेश की कथित 20 करोड़ रुपये की लग्जरी गाड़ी को निशाने पर लेते हुए उनकी राजनीति को ‘वर्क फ्रॉम होम’ से जोड़कर तंज कसा।
मंत्री राजभर ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, ‘अखिलेश जी, ‘वर्क फ्रॉम होम’ कैसा चल रहा है? एसी में बैठकर पीसी वाला वर्क फ्रॉम होम।’ उन्होंने आगे दावा किया कि अखिलेश के लिए करीब 20 करोड़ रुपये की ‘हॉलीवुड टाइप’ भगवा रंग की गाड़ी मंगाई गई है। राजभर ने व्यंग्य करते हुए कहा कि चुनाव के दौरान घर से बाहर निकलना भी पड़े तो ऐसी गाड़ी में बैठकर ‘घर वाला फील’ लिया जा सकेगा।
ओमप्रकाश राजभर यहीं नहीं रुके। उन्होंने अखिलेश पर गरीबों, दलितों और अति पिछड़े वर्ग के लोगों के बीच जाने से बचने का आरोप लगाते हुए सवाल खड़े किए। उन्होंने तंज किया कि कहीं गरीब जनता उनकी ‘पोल’ न खोल दे, इसलिए महंगी और बख्तरबंद गाड़ी का सहारा लिया जा रहा है। राजभर ने अपनी पोस्ट में गाड़ी में लिफ्ट और रूफटॉप जैसी सुविधाओं का भी जिक्र किया।
मंत्री ने दलित और अति पिछड़े वर्ग को लेकर भी अखिलेश पर तीखा कटाक्ष किया। उन्होंने सैनिटाइजर का जिक्र करते हुए दावा किया कि अखिलेश को इन वर्गों के लोगों से हाथ मिलाने तक का डर है। इसके बाद उन्होंने कहा कि जनता अखिलेश, उनकी राजनीति, कार्यकर्ताओं और कथित ‘वर्क फ्रॉम होम’ शैली पर नजर रख रही है।
दरअसल, पिछले कुछ हफ्तों से राजभर लगातार सपा और अखिलेश यादव को निशाने पर ले रहे हैं। कभी PDA, कभी सपा समर्थकों और कभी अखिलेश की राजनीतिक शैली को लेकर उनके बयान सामने आते रहे हैं। पिछले दिनों राजभर ने अखिलेश पर कई मुद्दों को लेकर सार्वजनिक रूप से हमला किया था।






