ElectionsLucknow City

4 मेडिकल कॉलेजों में दलित आरक्षण पर कांग्रेस का योगी सरकार पर हमला, राजेंद्र पाल बोले- हक के खिलाफ खड़ी है भाजपा

SC/ST छात्रों के आरक्षण और SCP फंड को लेकर कांग्रेस के यूपी प्रभारी ने सरकार को घेरा, गौतम का आरोप- 70% आरक्षण व्यवस्था को घटाकर 21% किया गया, संघर्ष का ऐलान

लखनऊ, 20 सितंबर 2026:

UP Assembly Elections 2027 के नजदीक आने के राज्य का सियासी पारा चढ़ चुका है। बीजेपी सरकार को घेरने के लिए विपक्ष ने आक्रामक रुख अपना लिया है। इसी कड़ी में रविवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित एक अहम प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस के यूपी प्रभारी और पूर्व मंत्री राजेंद्र पाल गौतम ने केंद्र और राज्य की बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी की नीतियां हमेशा से वंचितों और दलितों के अधिकारों को दबाने वाली रही हैं।

​’संविधान को नहीं मानते पीएम मोदी और सीएम योगी’

प्रेस कॉन्फ्रेंस में राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि सीएम योगी और पीएम मोदी से अनुसूचित जाति एवं जनजाति (एससी/एसटी) समाज के लिए न्याय की उम्मीद करना बेमानी है, क्योंकि दोनों नेता देश के संविधान को नहीं मानते हैं। उन्होंने कहा कि देश की एक बहुत बड़ी आबादी के संवैधानिक अधिकारों पर बीजेपी की सरकारें लगातार कुठाराघात कर रही हैं।

​मेडिकल कॉलेजों में दलित आरक्षण घटाने का आरोप

राजेंद्र पाल गौतम ने आंकड़ों का हवाला देते हुए राज्य सरकार पर दलित छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सहारनपुर, अंबेडकरनगर, कन्नौज और जालौन में स्थित चार राजकीय मेडिकल कॉलेजों का निर्माण एससी कल्याण के लिए निर्धारित ‘स्पेशल कंपोनेंट प्लान’ (SCP) के फंड से किया गया था। इन कॉलेजों में 200 सीटें निर्धारित थीं और 70 प्रतिशत सीटें दलित समाज के छात्रों के लिए आरक्षित थीं।

ये भी पढ़ें:

​उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2025 में हाईकोर्ट में दायर एक निजी याचिका के दौरान राज्य सरकार के विधि अधिकारी ने सरकार का पक्ष सही और प्रभावी ढंग से नहीं रखा। इसके चलते अदालत ने नीतिगत प्रावधानों को समाप्त कर दिया। नतीजा यह हुआ कि इन मेडिकल कॉलेजों में दलित छात्रों का प्रवेश कोटा 70 प्रतिशत से घटकर महज 21 प्रतिशत रह गया और छात्र स्पेशल कंपोनेंट प्लान के तहत मिलने वाली सुविधाओं से वंचित हो गए।

​’1978 में कांग्रेस ने रखी थी एससीपी की नींव’

कांग्रेस प्रभारी ने ऐतिहासिक पृष्ठभूमि का जिक्र करते हुए कहा कि आजादी के 28 साल बाद भी जब दलितों की स्थिति में सुधार नहीं हुआ, तब कांग्रेस ने 1975 और 1978 में विस्तृत अध्ययन कराया था। इसके बाद 1978-79 में योजना आयोग के जरिए ‘शेड्यूल कास्ट कंपोनेंट प्लान एंड ट्राइबल सब-प्लान’ की नींव रखी गई जिससे बजट का तय हिस्सा सीधे दलित कल्याण पर खर्च हो।

​उन्होंने स्पष्ट किया कि इस योजना का मुख्य नियम यह है कि यदि फंड तय वित्तीय वर्ष में खर्च न हो, तो उसे अगले साल कैरी फॉरवर्ड करना अनिवार्य है जिससे यह लैप्स नहीं हो सकता। लेकिन मौजूदा बीजेपी सरकार इस नियम की धज्जियां उड़ाते हुए पैसों को डाइवर्ट या लैप्स कर रही है जिससे छात्रवृत्ति और हॉस्टल निर्माण का काम ठप्प पड़ गया है।

​सड़क से कोर्ट तक आंदोलन की चेतावनी

राजेंद्र पाल गौतम ने साफ किया कि कांग्रेस पार्टी एससी/एसटी समाज के युवाओं और छात्रों के हक की यह लड़ाई सड़क से लेकर अदालत तक लड़ेगी। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं सह-प्रभारी संजीव आर्य, मीडिया विभाग के चेयरमैन कुंवर सिंह निषाद, वाइस चेयरमैन प्रियंका गुप्ता, जोनल कोआर्डिनेटर पुनीत पाठक, प्रदेश प्रवक्ता सचिन रावत, सिद्धिश्री, मान सिंह चौहान और हम्माम वहीद समेत कई प्रमुख नेता मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें  BJP Misson 2027: उत्तराखंड फतह का प्लान तैयार, राष्ट्रीय महामंत्री ने दिया बूथ प्रबंधन का मंत्र

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link