लखनऊ : बटलर झील करेगी आकर्षित, संवारने में जुटा प्रशासन

लखनऊ 21 नवंबर 2024 :
यूपी की राजधानी लखनऊ की पॉश कॉलोनी बटलर पैलेस की चर्चित बटलर झील जल्द ही आकर्षण का केंद्र होगी। इसी लिहाज से बटलर झील को संवारा और सजाया जा रहा है। इसकी निगरानी लखनऊ की कमिश्नर डॉ. रोशन जैकब कर रही हैं। उन्होंने गुरुवार को झील के सुंदरीकरण कार्य का जायजा लिया।

कमिश्नर के साल एलडीए के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार व अन्य अधिकारी भी थे। कमिश्नर ने बटलर झील का जायजा लेने के साथ वहां हो रहे सुंदरीकरण के कार्यों की प्रगति जानी। झील के किनारे पौधे लगाने और फ्लावर गार्डन की फेंसिंग कराने के निर्देश दिए।
झील के टापू पर बनाया जा रहा कैफेटेरिया
बटलर झील के टापू पर कैफेटेरिया बनाया जा रहा है। इस काम को जल्द पूरा कराने के लिए कमिश्नर ने अधिकारियों को हिदायत दी। उन्होंने कॉलोनी के बीच स्थित बटलर पैलेस व बटलर गेट के जीर्णोद्धार के कार्यों का भी जायजा लिया। अधिकारियों से कहा कि बटलर गेट का कार्य पूरा होने के बाद फसाड लाइटिंग कराएं जिससे गेट की सुंदरता निखरेगी।







