
राजकिशोर तिवारी
ऊधमसिंहनगर, 22 सितंबर 2026ः
साइबर अपराधियों की इंटरनेट कॉल को भारतीय मोबाइल नंबर से लोकल कॉल में बदलकर उनकी पहचान छिपाने के नेटवर्क का एसटीएफ (STF) की साइबर कुमाऊं यूनिट ने पर्दाफाश किया है। ऊधमसिंहनगर के बाजपुर में एक मकान पर छापा मारकर टीम ने दो सिम बॉक्स, 114 एक बड़ी कंपनी के सिम कार्ड, 77 एंटीना, इंटरनेट राउटर, मोबाइल फोन और बड़ी संख्या में टेलीकॉम उपकरण बरामद किए। एसटीएफ ने मौके से आरोपी को भी गिरफ्तार किया है। आरोपी का बांग्लादेश के साइबर अपराधियों से संबंध था।
STF के एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि टीन को बाजपुर के मुड़िया, ईदगाह के पास स्थित एक मकान में सिम बॉक्स के जरिए अवैध टेलीकॉम गेटवे चलाए जाने की सूचना मिली थी। दूरसंचार विभाग के संपर्क और तकनीकी जानकारी के आधार पर एसटीएफ की साइबर टीम ने मकान पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान आरोपी कादिर (24 वर्ष) को उपकरणों के साथ पकड़ा गया। एसटीएफ ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही फर्जी दस्तावेजों पर सिम उपलब्ध कराने वाले एजेंटों और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
आरोपी कथित तौर पर विदेशी और इंटरनेट आधारित (VoIP) कॉल को भारतीय लोकल मोबाइल कॉल में बदलने के लिए सिम बॉक्स का इस्तेमाल कर रहा था। इससे कॉल रिसीवर के मोबाइल पर विदेशी नंबर के बजाय भारतीय मोबाइल नंबर दिखाई देता था और कॉल करने वाले की वास्तविक पहचान छिपाने में मदद मिलती थी। एसटीएफ की जांच में प्रारंभिक तौर पर सामने आया है कि यह अवैध गेटवे करीब सात माह से संचालित किया जा रहा था।

जांच एजेंसी के अनुसार अलग-अलग व्यक्तियों की पहचान का दुरुपयोग कर हासिल किए गए सिम कार्डों का इस्तेमाल किया जा रहा था। पूछताछ में आरोपी के बांग्लादेश के साइबर अपराधियों के संपर्क में होने और उनके जरिए आर्थिक लाभ लेने की जानकारी भी सामने आई है। टीम आरोपी के विदेशी संपर्कों, बैंक खातों, साइबर नेटवर्क और इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। जांच में यह भी सामने आया है कि सिम बॉक्स तकनीक का इस्तेमाल साइबर अपराधों में किया जा सकता है। इसके जरिए विदेशी अथवा इंटरनेट कॉल को स्थानीय नंबर के रूप में प्रदर्शित करने, कॉलर की पहचान छिपाने और फर्जी दस्तावेजों पर जारी सिम का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल करने की सुविधा मिलती है।
एसटीएफ डिजिटल अरेस्ट, फर्जी अधिकारी बनकर ठगी और अन्य साइबर अपराधों में इस नेटवर्क के संभावित इस्तेमाल की भी जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार कादिर पहले भी साइबर अपराधियों के संपर्क में रहा है। वर्ष 2023 में थाना कटघर, मुरादाबाद में सिम बॉक्स के जरिए अवैध टेलीकॉम गेटवे संचालित करने के मामले में उसे गिरफ्तार किया गया था। वह वर्तमान में जमानत पर था। उसके खिलाफ कटघर थाने में गैंगस्टर एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज है।






