
राजकिशोर तिवारी
देहरादून, 24 सितंबर 2026:
उत्तराखंड में सैनिक विश्राम गृहों के जीर्णोद्धार के लिए 15 करोड़ रुपये की अनुपूरक धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी। सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने अधिकारियों को विश्राम गृहों के जीर्णोद्धार और जरूरी सुविधाओं से जुड़े काम प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सैन्य धाम से जुड़े सभी बचे हुए काम अगले 15 दिनों में पूरा करने को कहा है।
सैन्य धाम के काम की नियमित निगरानी
बृहस्पतिवार को हाथीबड़कला स्थित कैंप कार्यालय में सैनिक कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक हुई। मंत्री गणेश जोशी ने अधिकारियों से सैन्य धाम की तैयारियों की जानकारी ली और लंबित कामों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सैन्य धाम प्रदेश के वीर सैनिकों, शहीदों और उनके परिवारों के सम्मान और गौरव का प्रतीक है। ऐसे में लोकार्पण से पहले सभी व्यवस्थाएं समय पर और बेहतर तरीके से पूरी होनी चाहिए।

धारचूला और माणा से निकलेगी सैन्यधाम यात्रा
मंत्री ने बताया कि सैन्य धाम के लोकार्पण के मौके पर प्रदेश के दोनों मंडलों से सैन्यधाम यात्रा निकाली जाएगी। कुमाऊं मंडल में यात्रा की शुरुआत सीमांत जनपद पिथौरागढ़ के धारचूला से होगी, जबकि गढ़वाल मंडल में माणा से यात्रा शुरू की जाएगी। दोनों यात्राएं अलग-अलग पड़ावों से गुजरते हुए सैन्य धाम पहुंचेंगी। इन यात्राओं के जरिए प्रदेश के वीर सैनिकों और शहीदों के प्रति सम्मान की भावना को लोगों तक पहुंचाने के साथ युवाओं में राष्ट्रसेवा और सैन्य परंपरा के प्रति गौरव की भावना जगाने का प्रयास किया जाएगा।
आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचेगी वीरगाथा
गणेश जोशी ने कहा कि उत्तराखंड के हजारों परिवारों का भारतीय सेना से गौरवपूर्ण जुड़ाव रहा है। सैन्य धाम के जरिए प्रदेश के वीर सैनिकों और शहीदों की वीरगाथाओं, उनके त्याग और बलिदान को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाया जाएगा। बैठक में सैनिक कल्याण विभाग के सचिव युगल किशोर पंत, निदेशक ब्रिगेडियर डीएस बसेड़ा (सेनि.), उपनल के एमडी ब्रिगेडियर जेएनएस बिष्ट (सेनि.) समेत सैनिक कल्याण, उपनल और पेयजल निगम के अधिकारी मौजूद रहे।






