
बाराबंकी, 25 सितंबर 2026:
यूपी के बाराबंकी में ऑनलाइन कमाई के नाम पर टेलीग्राम ग्रुप के जरिए एक युवक से 7.56 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। साइबर ठगों ने पहले छोटे-छोटे टास्क देकर युवक को 120 रुपये का भुगतान किया, इसके बाद उसे कई टेलीग्राम ग्रुप में जोड़कर निवेश वाले टास्क दिए। रकम जमा कराने के बाद जब युवक को पैसे वापस नहीं मिले तो उसे ठगी का एहसास हुआ अब साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है।
टेलीग्राम पर आया मैसेज, शुरू हुआ ऑनलाइन टास्क
तहसील रामनगर क्षेत्र के जैतपुर गांव निवासी सेवाकान्त को टेलीग्राम एप पर माही वर्मा नाम की आईडी और मोबाइल नंबर से मैसेज आया। उससे ऑनलाइन पैसे कमाने की बात कही गई। हामी भरने के बाद उसे टेलीग्राम पर ही टास्क दिया गया। टास्क पूरा करने के बाद स्क्रीनशॉट भेजने को कहा गया।
120 रुपये देने के बाद बढ़ाया भरोसा
Online Task Scam : माही वर्मा ने उसे कृतिका मैम नाम की आईडी के पास रेफर कर दिया। कृतिका ने भी टास्क देकर उसी तरीके से काम कराया। इसके बाद सेवाकान्त को google task alliance 299 group में जोड़ा गया। बाद में उसे google task Revenue383 group में भेज दिया गया। यहां दिए गए टास्क पूरे करने पर उसे 120 रुपये मिले।
वेलफेयर टास्क के नाम पर लगवाने लगे रकम
इसके बाद उसे वेलफेयर टास्क दिया गया, जिसमें अपने पैसे लगाकर काम करने के लिए कहा गया। सेवाकान्त के मुताबिक इसके बाद अलग-अलग तारीखों में उसके कई बैंक खातों से रकम ट्रांसफर कराई गई। पैसे यूनियन बैंक, बैंक ऑफ महाराष्ट्र और फेडरल बैंक के खातों में ट्रेड के नाम पर जमा कराए गए।

8 दिन व 16 ट्रांजैक्शन, 7.56 लाख रुपये ट्रांसफर
सितंबर माह में आठ दिन के भीतर कोटक महिंद्रा बैंक, इंडसइंड बैंक, एसबीआई, एचडीएफसी बैंक और एयरटेल पेमेंट बैंक के खातों से कुल 16 ट्रांजैक्शन किए गए और 7,56,320 रुपये ट्रांसफर किए गए। टास्क में उलझे सेवाकान्त को लाखों देकर कोई रिटर्न नहीं मिला तो उसे होश आया। उसने साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद साइबर क्राइम थाने पर लिखित तहरीर देकर एफआईआर दर्ज कराई।






