Lucknow News : दिवाली पर लॉन्च होगी सौमित्र विहार योजना, 2700 रुपये प्रति वर्ग फीट में मिलेंगे प्लॉट
आवास विकास परिषद की 560 एकड़ की आवासीय योजना को RERA से मिली मंजूरी, पहले चरण में 2200 से अधिक भूखंडों के लिए खुलेंगे पंजीकरण, LDA की IT सिटी और वेलनेस सिटी से सस्ते होंगे प्लॉट

लखनऊ, 26 अक्टूबर 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ में अपना घर बनाने के लिए प्लॉट तलाश रहे लोगों के लिए अच्छी खबर है। करीब दो साल से इंतजार कर रहे लोगों को दीपावली पर आवास विकास परिषद की सौमित्र विहार आवासीय योजना की सौगात मिल सकती है। गोसाईंगंज-मोहनलालगंज क्षेत्र में न्यू जेल रोड पर विकसित हो रही इस योजना को रियल एस्टेट नियामक प्राधिकरण (RERA) से मंजूरी मिल गई है। आवास विकास बोर्ड की सहमति के बाद अब मुख्यमंत्री के हाथों योजना का शुभारंभ कराने की तैयारी है। यहां जमीन की प्रस्तावित दर करीब 2700 रुपये प्रति वर्ग फीट रखी गई है। पहले चरण में 2200 से अधिक भूखंडों के पंजीकरण खोले जाने की योजना है।
560 एकड़ में विकसित होगी सौमित्र विहार योजना
आवास विकास परिषद ने करीब दो साल पहले 560 एकड़ क्षेत्रफल में इस आवासीय योजना को मंजूरी दी थी। इसे दो चरणों में विकसित किया जाना है। योजना को पिछले साल लॉन्च करने की तैयारी थी लेकिन RERA पंजीकरण समेत विभिन्न कारणों से प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी। अब जरूरी मंजूरी मिलने के बाद योजना के शुभारंभ का रास्ता साफ हो गया है।
इस योजना में 2092 आवासीय और 169 व्यावसायिक भूखंड प्रस्तावित हैं। भूखंडों का आकार 40 से 300 वर्ग मीटर तक होगा। परिषद का दावा है कि लैंड पूलिंग नीति के तहत आम लोगों के लिए पंजीकरण खोलने वाली यह प्रदेश की पहली योजना होगी। इसके विकास के लिए किसानों से जमीन लेकर उन्हें विकसित भूमि का 25 प्रतिशत हिस्सा भूखंडों के रूप में आवंटित किया गया है।

LDA की IT सिटी और वेलनेस सिटी से सस्ते मिलेंगे प्लॉट
सौमित्र विहार योजना की प्रस्तावित दर राजधानी की कई दूसरी आवासीय योजनाओं से कम है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) की IT सिटी में जमीन की दर करीब 4000 रुपये प्रति वर्ग फीट और वेलनेस सिटी में करीब 5100 रुपये प्रति वर्ग फीट प्रस्तावित है। वहीं, आगरा एक्सप्रेसवे के पास वरुण विहार योजना में जमीन की दर 2800 रुपये प्रति वर्ग फीट और सीतापुर रोड स्थित नैमिष नगर में 3800 रुपये प्रति वर्ग फीट तय की गई है। इन दोनों योजनाओं में 27 अक्टूबर तक पंजीकरण चल रहा है।
आवास विकास परिषद के उप आयुक्त चंदन पटेल के मुताबिक सौमित्र विहार योजना को RERA से मंजूरी मिल गई है। अब इसे दीपावली पर लॉन्च करने की तैयारी है। योजना के विकसित होने से लखनऊ में बड़ी आबादी को आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।






