Uttarakhand

सड़क से सदन तक कांग्रेस का हल्ला बोल, विधानसभा कूच के लिए निकले नेताओं की पुलिस से झड़प

पुलिस ने प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल सहित कई नेताओं व कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया, प्रदर्शनकारी सुरक्षा चक्र को भेदते हुए दिवालीखाल तक पहुंच गए, काबू करने के लिए वाटर कैनन का भी किया प्रयोग

राजकिशोर तिवारी

​चमोली, 27 अक्टूबर 2026ः

​उत्तराखंड में विधानसभा के शीतकालीन सत्र के पहले ही दिन कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ सड़क से लेकर सदन तक हल्ला बोला। मंगलवार को कांग्रेस ने चमोली के गैरसैंण में धामी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए विधानसभा घेराव का प्रयास किया। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में हजारों की संख्या में कार्यकर्ताओं ने अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय, कथित भर्ती घोटालों, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और बदहाल कानून व्यवस्था को लेकर सरकार के खिलाफ उग्र प्रदर्शन किया।

30 किमी. पहले लगाई गई बैरिकेडिंग भी नहीं रोक पाई

​पुलिस प्रशासन ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए विधानसभा से लगभग 30 किमी. पहले से ही अलग-अलग स्थानों पर कड़े सुरक्षा प्रबंध और बैरिकेडिंग की थी। इसके बावजूद प्रदर्शनकारी सुरक्षा चक्र को भेदते हुए दिवालीखाल तक पहुंचने में कामयाब रहे। प्रदर्शन के दौरान दिवालीखाल में उस वक्त स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब पुलिस बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ रहे कार्यकर्ताओं और पुलिसकर्मियों के बीच तीखी झड़प हुई। हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का भी प्रयोग किया, लेकिन प्रदर्शनकारी पीछे हटने को तैयार नहीं थे। बाद में पुलिस ने प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत समेत कई वरिष्ठ नेताओं व कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।

ये भी पढ़ें:

गोदियाल का आरोप सवालों से भाग रहे सीएम

​हिरासत में लिए जाने से पहले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जनता की बुनियादी समस्याओं को हल करने में पूरी तरह से विफल साबित हुई है। प्रदेश में स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़कें, बेरोजगारी और जंगली जानवरों का आतंक गंभीर मुद्दे हैं, लेकिन सरकार जवाबदेही से भाग रही है। गोदियाल ने सत्र की कार्यसूची पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के विभागों से जुड़े प्रश्नों पर विपक्ष को बोलने और चर्चा करने का पर्याप्त समय ही नहीं दिया जा रहा है। प्रदर्शनकारियों में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा, मनोज यादव, बद्रीनाथ विधायक लखपत बुटोला, मुकेश नेगी और हरिकृष्ण भट्ट समेत कई प्रमुख नेता व विधायक शामिल रहे।

Advertisement

ये भी पढ़ें  'कान्हा शांति वनम' पहुंचे राज्यपाल गुरमीत सिंह... गुरु तेग बहादुर की शिक्षाओं को बताया प्रासंगिक

Anurag Chaturvedi

अनुराग चतुर्वेदी पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता, लेखन और संपादन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। उन्होंने विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए खबरों को निष्पक्षता और गहराई के साथ जनता के सामने रखा है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link