आशा कार्यकर्ताओं का फूटा गुस्सा, सचिवालय जाने से पुलिस ने रोका, झड़प के साथ धक्का-मुक्की
सड़क पर ही दिया धरना, धामी सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर अपनी मांग को लेकर बुलंद की आवाज, वादे के दो साल बाद भी नहीं बढ़ा मानदेय, 11 नवंबर से प्रदेशव्यापी कार्य बहिष्कार करेंगी

राजकिशोर तिवारी
देहरादून, 27 अक्टूबर 2026ः
मानदेय बढ़ाने के आश्वासन पर अमल न होने से नाराज उत्तराखंड की आशा स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं का आक्रोश मंगलवार को फूट पड़ा। सीटू (सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियंस) से संबद्ध उत्तराखंड आशा स्वास्थ्य कार्यकत्री यूनियन के नेतृत्व में सड़कों पर उतरकर आशाओं ने गांधी पार्क से सचिवालय कूच कर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। सचिवालय की बढ़ रहीं आशाओं को पुलिस ने सुभाष रोड पर बैरिकेडिंग लगाकर रोका तो दोनों के बीच तीखी झड़प और धक्का-मुक्की हुई। इसके बाद प्रदर्शनकारी सड़क पर ही धरने पर बैठ गईं और धामी सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगें पूरी करने की आवाज बुलंद की।
दो साल से पुराने आश्वासन पर सवाल
यूनियन की पदाधिकारियों ने कहा कि तीन मार्च 2024 को मानदेय बढ़ाने का आश्वासन दिया गया था। इसके लिए उच्चस्तरीय समिति गठित किए जाने की बात भी कही गई, लेकिन दो साल से अधिक समय बीतने के बावजूद मांग पर ठोस कार्यवाही नहीं हुई। यूनियन ने सवाल उठाया कि स्वास्थ्य सेवाओं में अहम भूमिका निभाने वाली आशाओं को अब तक सम्मानजनक पारिश्रमिक और सामाजिक सुरक्षा क्यों नहीं मिल पा रही है।
42 हजार न्यूनतम वेतन करने की मांग
यूनियन ने आशा कार्यकर्ताओं के लिए 42 हजार रुपये प्रतिमाह न्यूनतम वेतन निर्धारित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि वर्तमान में तीन हजार रुपये मासिक मानदेय और 10 प्रतिशत प्रोत्साहन राशि का भुगतान किया जाता है। आशाओं ने कर्मचारी भविष्य निधि (ईपीएफ), कर्मचारी राज्य बीमा (ईएसआई), सेवानिवृत्ति के बाद पेंशन और अन्य राज्यों की तर्ज पर पांच लाख रुपये की एकमुश्त सेवानिवृत्ति राशि देने की मांग भी उठाई। स्वास्थ्य केंद्रों में आशा घर बनाने और आशा कार्यकर्ताओं को राज्य कर्मचारी घोषित करने की मांग को भी प्रमुखता से उठाया गया।

नवंबर में आंदोलन तेज करने का ऐलान
यूनियन ने मानदेय में बढ़ोतरी समेत अन्य मांगों पर कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। इसके तहत 11 नवंबर से प्रदेशव्यापी कार्य बहिष्कार किया जाएगा। इसके बाद 18, 19 और 20 नवंबर को सचिवालय में होने वाले सीटू के महापड़ाव में भी प्रदेशभर की आशाएं शामिल होंगी। प्रदर्शन में प्रांतीय अध्यक्ष शिवा दुबे, प्रांतीय कोषाध्यक्ष कलावती चंदोला, प्रांतीय महामंत्री लोकेश देवी और देहरादून जिला अध्यक्ष सुनीता चौहान, सीटू के जिला महामंत्री लेखराज, जिला सचिव हिमांशु समेत बड़ी संख्या में आशा कार्यकर्ताएं शामिल रहीं।






