Share Market News : बाजार खुलते ही टूटा सेंसेक्स, रुपया संभला, कच्चे तेल ने बढ़ाई चिंता
एशियाई बाजारों में तेजी के बावजूद भारतीय बाजार में बिकवाली, सेंसेक्स 601 अंक लुढ़का, निफ्टी 22,605 के करीब पहुंचा, ब्रेंट क्रूड 115 डॉलर के पार
बिजनेस डेस्क, 28 अक्टूबर 2026:
Indian Stock Market Today : भारतीय शेयर बाजार में बुधवार को कारोबार की शुरुआत दबाव के साथ हुई। सेंसेक्स 601.14 अंक गिरकर 72,997.55 पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 146 अंक टूटकर 22,604.80 के स्तर पर आ गया। इससे पहले प्री-मार्केट कारोबार में सुबह 9:03 बजे सेंसेक्स 340.35 अंक गिरकर 73,258.32 पर था। निफ्टी भी 85.21 अंक नीचे 22,664.55 पर कारोबार कर रहा था।
GIFT Nifty ने भी दिए कमजोर शुरुआत के संकेत
GIFT Nifty 153.5 अंक यानी 0.67 फीसदी गिरकर 22,658.5 पर आ गया। इससे भारतीय शेयर बाजार में कमजोर शुरुआत के संकेत मिले। बाजार विश्लेषकों के मुताबिक, निफ्टी के लिए 20-DMA के ऊपर 22,825 का स्तर पार करना अहम है। इस स्तर के ऊपर टिकने पर बाजार में सुधार की गुंजाइश बन सकती है। ऐसी स्थिति में निफ्टी 23,100 से 23,300 के दायरे तक पहुंच सकता है।
अमेरिकी बाजार की तेजी का एशिया पर असर
एशियाई शेयर बाजारों में बुधवार को तेजी दर्ज की गई। अमेरिकी शेयर बाजार में पिछले कारोबारी सत्र के दौरान हुई बढ़त से एशियाई बाजारों को सहारा मिला। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को लेकर निवेशकों की उम्मीदें बढ़ी हैं। प्रमुख टेक्नोलॉजी कंपनियों की आय रिपोर्ट के साथ अमेरिकी फेडरल रिजर्व के ब्याज दरों पर फैसले को लेकर भी बाजार में नजर बनी हुई है।
डॉलर के मुकाबले रुपया चार पैसे मजबूत
शेयर बाजार में गिरावट के बीच भारतीय रुपये में मामूली सुधार देखने को मिला। शुरुआती कारोबार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले चार पैसे मजबूत होकर 95.03 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। मंगलवार को कारोबार के अंत में यह 95.07 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। हालांकि, डॉलर की मजबूती के साथ कच्चे तेल की ऊंची कीमतें रुपये पर दबाव बनाए हुए हैं।
ब्रेंट क्रूड 115 डॉलर के पार
अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड की कीमत 1.37 फीसदी बढ़कर 115.44 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गई। बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, डॉलर में मजबूती, एशियाई मुद्राओं में कमजोरी के साथ कच्चे तेल की महंगाई रुपये की चाल को प्रभावित कर सकती है। निवेशकों की नजर अमेरिकी फेडरल रिजर्व के ब्याज दर संबंधी फैसले पर भी रहेगी।
FII ने खरीदे 4,240 करोड़ रुपये के शेयर
शेयर बाजार में विदेशी निवेशकों की गतिविधियों पर भी नजर बनी हुई है। मंगलवार को विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने भारतीय शेयर बाजार में 4,240.39 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध खरीदारी की थी।






