उत्तराखंड न्यूज : मसूरी जाने के लिए शहर में एंट्री की जरूरत नहीं, देहरादून ट्रैफिक का बदलेगा पूरा रूट प्लान
Dehradun Traffic Master Plan : 23 पार्किंग स्थलों की उपयोगिता जांचेंगे अधिकारी, शटल सेवा शुरू करने पर भी विचार, प्रमुख चौराहों की कनेक्टिविटी सुधारने की तैयारी

राजकिशोर तिवारी
देहरादून, 29 अक्टूबर 2026:
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में जाम से राहत दिलाने के लिए ट्रैफिक का नया मास्टर प्लान तैयार किया जाएगा। मसूरी जाने वाले वाहनों को शहर के भीड़भाड़ वाले रास्तों से बचाकर बाहरी मार्गों से भेजने के विकल्प तलाशे जाएंगे। इसके साथ ही पार्किंग की सुविधा बढ़ाने, शटल सेवा शुरू करने, सड़कों की कनेक्टिविटी सुधारने पर भी काम होगा।
बढ़ते ट्रैफिक के दबाव को देखते हुए बनेगी योजना
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने बुधवार को ऋषिपर्णा सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर शहर की यातायात व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) को संबंधित विभागों के साथ मिलकर मास्टर प्लान तैयार करने को कहा।
बैठक में शहर की मौजूदा ट्रैफिक व्यवस्था के साथ भविष्य में बढ़ने वाले वाहनों के दबाव को भी ध्यान में रखने पर जोर दिया गया। योजना में स्थानीय लोगों की आवाजाही, पर्यटकों की सुविधा, सड़कों की क्षमता व उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं को शामिल किया जाएगा।
मसूरी जाने वाले वाहनों के लिए तलाशे जाएंगे दूसरे रास्ते
मसूरी समेत दूसरे पर्यटन स्थलों पर जाने वाले वाहनों के कारण देहरादून के प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ता है। इसे कम करने के लिए शहर के बाहर से पर्यटक वाहनों को मसूरी की ओर भेजने की संभावनाओं का अध्ययन किया जाएगा।

इसके लिए मसूरी में मौजूदा पार्किंग स्थलों, प्रस्तावित पार्किंग की जगहों, उपलब्ध जमीन व सड़क मार्गों की क्षमता का आकलन किया जाएगा। पार्किंग में वाहन खड़े करने के बाद पर्यटकों को आगे ले जाने के लिए शटल सेवा की व्यवस्था पर भी विचार होगा।
23 पार्किंग स्थलों की फिर होगी जांच
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि पहले तैयार की गई योजना में 23 जगहों पर पार्किंग बनाने का प्रस्ताव है। जिलाधिकारी ने इन सभी स्थलों की उपयोगिता व व्यवहार्यता की समीक्षा करने के निर्देश दिए।
प्रशासन यह भी देखेगा कि प्रस्तावित पार्किंग बनने से संबंधित इलाकों में ट्रैफिक का दबाव कितना कम हो सकता है। सिर्फ जमीन चिह्नित करने के बजाय पार्किंग तक पहुंचने वाले रास्तों, वाहनों की आवाजाही व दूसरी जरूरी सुविधाओं का भी आकलन किया जाएगा।
मसूरी व देहरादून की पार्किंग का जुटेगा ब्योरा
संयुक्त मजिस्ट्रेट मसूरी राहुल आनंद को मसूरी में चल रही पार्किंग व प्रस्तावित स्थलों की जानकारी देने को कहा गया है। उप जिलाधिकारी सदर को देहरादून शहर की पार्किंग व्यवस्था का ब्योरा उपलब्ध कराना होगा।
प्रस्तावित पार्किंग स्थलों की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर), जमीन की उपलब्धता, तकनीकी पहलुओं व प्रशासनिक व्यवहार्यता की भी जांच की जाएगी। बैठक में पुलिस क्षेत्राधिकारी यातायात जगदीश पंत व एमडीडीए के अधिकारी मौजूद रहे। अन्य संबंधित अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में जुड़े।






