UP News : डेढ़ एक्सप्रेस-वे से 10 तक, 7 शहरों में मेट्रो, योगी ने बताया कैसे बदली प्रदेश की तस्वीर
2017 से पहले बदहाल कनेक्टिविटी को लेकर विपक्ष पर निशाना साधने का संदेश, सीएम योगी बोले- डबल इंजन सरकार ने बदली प्रदेश की तस्वीर, सड़क, रेल और हवाई नेटवर्क से विकास को मिली रफ्तार

लखनऊ, 29 अक्टूबर 2026:
यूपी में सड़क, रेल, मेट्रो और हवाई कनेक्टिविटी के विस्तार को सीएम योगी आदित्यनाथ ने विकास की नई तस्वीर करार दिया है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2017 से पहले जहां प्रदेश में एक्सप्रेस-वे और हवाई सेवाओं का नेटवर्क सीमित था वहीं डबल इंजन सरकार में बुनियादी ढांचे का तेजी से विस्तार हुआ है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इस बदलाव को रेखांकित किया।
सीएम योगी ने कहा कि सड़क, रेल और हवाई संपर्क केवल दूरियां कम नहीं करते, बल्कि समय की बचत, बेहतर सुविधाओं और समृद्धि के नए अवसर भी पैदा करते हैं। उनके मुताबिक, वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में विकास की इन जीवन रेखाओं की स्थिति बेहद दयनीय थी। पीएम नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार ने ‘स्पीड, स्केल और कनेक्टिविटी’ के मंत्र से प्रदेश की तस्वीर बदलने का काम किया है।
मुख्यमंत्री के अनुसार भाजपा सरकार बनने से पहले देश के सबसे अधिक आबादी वाले राज्य में महज डेढ़ एक्सप्रेस-वे थे जबकि अब 10 एक्सप्रेस-वे संचालित हैं। पहले हवाई सेवाएं चुनिंदा शहरों तक सीमित थीं लेकिन अब प्रदेश में 12 घरेलू और पांच अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों का नेटवर्क होने का दावा किया गया है। इसी तरह वर्ष 2017 से पहले किसी भी शहर में मेट्रो सेवा नहीं थी जबकि अब सात शहरों में मेट्रो लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा दे रही है।
सड़क, रेल और हवाई संपर्क केवल दूरियां नहीं घटाते, ये सुविधा, समय की बचत और समृद्धि की नई संभावनाएं लेकर आते हैं।
लेकिन वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में विकास की इन जीवन रेखाओं की स्थिति अत्यंत दयनीय थी। आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी के यशस्वी मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार ने स्पीड, स्केल और कनेक्टिविटी के मंत्र से इस तस्वीर को बदला है।
भाजपा की डबल इंजन सरकार बनने से पहले देश की सबसे बड़ी आबादी वाले प्रदेश में मात्र डेढ़ एक्सप्रेस-वे थे। आज प्रदेश में 10 एक्सप्रेस-वे संचालित हैं।
तब हवाई सेवाएं चुनिंदा शहरों तक सिमटी थीं, लेकिन आज 12 घरेलू और 05 अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों से प्रदेश की उड़ान नई ऊंचाइयों पर है।
तब प्रदेश के एक भी शहर में मेट्रो नहीं चलती थी। वहीं, आज 07 शहरों में मेट्रो जनजीवन को नई गति दे रही है।
इस परिवर्तन से किसान की उपज को बड़ा बाजार और उद्यमिता को नए अवसर मिल रहे हैं। युवाओं के लिए शिक्षा और रोजगार तक पहुंच सुगम हो रही है। कामकाजी लोगों का समय बच रहा है। पर्यटन का विस्तार भी हो रहा है, जिससे स्थानीय परिवारों की आजीविका को नई शक्ति मिल रही है।
विकास की यह गति आज गांव से कस्बे और कस्बे से शहर तक नागरिकों के जीवन को बदल रही है। हर क्षेत्र को अवसर, हर उद्यम को सामर्थ्य और हर परिवार के जीवन में बढ़ती खुशहाली ‘नए भारत’ के ‘नए उत्तर प्रदेश’ की नई पहचान है।
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) October 29, 2026
योगी ने कहा कि कनेक्टिविटी के विस्तार से किसानों को अपनी उपज के लिए बड़े बाजार, उद्यमियों को नए अवसर और युवाओं को शिक्षा व रोजगार तक आसान पहुंच मिल रही है। पर्यटन को बढ़ावा मिलने से स्थानीय लोगों की आजीविका को भी मजबूती मिल रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों से कस्बों और कस्बों से शहरों तक विकास की यह गति लोगों के जीवन में बदलाव ला रही है। उनके मुताबिक हर क्षेत्र में अवसर और हर परिवार की बढ़ती खुशहाली ही नए भारत के नए उत्तर प्रदेश की पहचान है।






