UP Election-2027 का शंखनाद : लखनऊ पहुंचे अमित शाह, BJP की हैट्रिक के लिए बनाएंगे चुनावी रोडमैप
पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को देंगे जीत का मंत्र, सपा-कांग्रेस और बसपा की घेराबंदी की रणनीति पर होगा मंथन, कार्यसमिति की बैठक से भाजपा के चुनावी अभियान का आगाज

लखनऊ, 30 अक्टूबर 2026:
यूपी विधानसभा चुनाव (UP Assembly Election) 2027 की तैयारियों को धार देने के लिए भाजपा ने चुनावी बिगुल फूंक दिया है। प्रदेश की राजधानी लखनऊ के आशियाना क्षेत्र में आयोजित प्रदेश भाजपा कार्यसमिति की बैठक में शामिल होने के लिए शुक्रवार को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह पहुंचे हैं। एयरपोर्ट पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, सीएम योगी आदित्यनाथ समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने उनका स्वागत किया।
कई महीने बाद लखनऊ पहुंचे शाह इस बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी का रोडमैप तैयार करेंगे और ढाई हजार से अधिक कार्यकर्ताओं को लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी का मंत्र देंगे। बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित कार्यसमिति की इस बैठक को भाजपा के मिशन-2027 का चुनावी आगाज माना जा रहा है।
भाजपा की नवगठित प्रदेश कार्यसमिति की यह पहली बैठक है। तीन सत्रों में होने वाले मंथन के दौरान चुनावी रणनीति, संगठन की सक्रियता और प्रचार अभियान की दिशा तय की जाएगी। खासतौर पर समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और बहुजन समाज पार्टी के खिलाफ चुनावी मुद्दों और उनके मुकाबले भाजपा के प्रचार की लाइन पर चर्चा होगी।

अमित शाह उद्घाटन सत्र को संबोधित करेंगे। वहीं, समापन सत्र में शाम पांच बजे सीएम योगी आदित्यनाथ कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के सामने अपनी बात रखेंगे। शाह करीब चार घंटे राजधानी में रहेंगे। बैठक के जरिए संगठन की कमियों को चिह्नित कर उन्हें दूर करने और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को चुनावी मोड में सक्रिय करने की रणनीति भी तैयार की जाएगी।
इससे पहले अमित शाह यूपी दिवस के कार्यक्रम में शामिल होने लखनऊ आए थे। राष्ट्र प्रेरणा स्थल से उन्होंने विधानसभा चुनाव का बिगुल फूंकते हुए जातिवाद और परिवारवाद की राजनीति करने वाले दलों को खारिज कर 2027 में फिर भाजपा की सरकार बनाने का आह्वान किया था।

उधर, बैठक में शामिल होने पहुंचे भाजपा सांसद एवं फिल्म अभिनेता रवि किशन ने अमित शाह की रणनीतिक क्षमता की तारीफ की। उन्होंने कहा, ”राजनीति के चाणक्य आ रहे हैं। उत्साह देख रहे हैं, मेला लगा है। उनके पैर बहुत शुभ हैं। बंगाल के चुनाव में हम भी थे। जहां पैर रखा, वहां सब हर-हर, बम-बम हो गया।’






