PM Kisan 24th Installment : मोदी ने जारी की सम्मान निधि की 24वीं किस्त, यूपी के 2.24 करोड़ किसानों को मिला लाभ
गुजरात में हुआ कार्यक्रम, 9.34 करोड़ किसान परिवारों के खातों में भेजे गए 18,680 करोड़, खाद pr पर अफवाह फैलाने पर विपक्ष को घेरा, कहा- जीवन के अंतिम क्षण तक सेवा करता रहूंगा

न्यूज डेस्क, 30 अक्टूबर 2026:
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को गुजरात के बनासकांठा जिले के भीलडी से किसान सम्मान निधि (PM Kisan Samman Nidhi) की 24वीं किस्त जारी की। इस दौरान देशभर के 9.34 करोड़ से अधिक किसान परिवारों के बैंक खातों में 18,680 करोड़ रुपये से ज्यादा की रकम सीधे भेजी गई। इससे यूपी के 2.24 करोड़ से अधिक किसान लाभान्वित हुए हैं। इस दौरान पीएम मोदी ने सरकार की किसान हित से जुड़ी नीतियों योजनाओं का जिक्र कर विपक्ष को भी घेरा।
अंतिम क्षण तक करूंगा सेवा, कोई आकर नहीं कह सकता कि आलू सोने में बदल दूंगा
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने कहा कि एक साधारण परिवार का व्यक्ति जिसके परिवार की पीढ़ियों ने कभी गांव का मुखिया बनने की भी कल्पना नहीं की थी। उसे गुजरात और बाद में पूरे देश की सेवा करने का अवसर मिला। मैं अपने जीवन के अंतिम क्षण तक आपकी सेवा में ही जुटा रहूंगा। ईरान युद्ध के बाद खाद की कमी को लेकर फैलाई गई अफवाहों का जिक्र करते हुए विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कुछ लोग देश पर संकट आने पर खुश होते हैं। मोदी को बदनाम करने के लिए खाद की किल्लत होने की अफवाह फैलाई गई, जबकि लोगों को एलपीजी की सप्लाई बंद होने की बात भी कही गई। प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार ने अंतरराष्ट्रीय हालात के चलते उर्वरकों की कीमतों में बढ़ोतरी का बोझ किसानों पर नहीं पड़ने दिया। आज बनासकांठा के आलू दुनिया भर में मशहूर हैं। और कोई भी व्यक्ति बनासकांठा के लोगों के पास आकर यह दावा करने की हिम्मत नहीं करेगा कि वह आलू को सोने में बदल सकता है, क्योंकि वे खुद ही ऐसा कर रहे हैं।

छोटे किसानों को अब तक 4.5 लाख करोड़ रुपये
हमारे किसान, हमारे अन्नदाता, विकसित भारत के सबसे मजबूत स्तंभों में से एक है।।और हमारी सरकार ने हमेशा किसानों के कल्याण को, किसानों को सशक्त करने को प्राथमिकता दी है। पीएम-किसान योजना के तहत छोटे किसानों के खातों में अब तक 4.5 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा भेजे जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि देश के कृषि बजट में 2013-14 के मुकाबले पांच गुना से ज्यादा बढ़ोतरी हुई है। पिछले कुछ वर्षों में सरकारी योजनाओं, सब्सिडी, एमएसपी, फसल बीमा सहित दूसरे फैसलों के जरिए किसानों को 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक का आर्थिक लाभ या बचत हुई है।

पशुपालन-फसल बीमा से सौर पंप तक का जिक्र
पशुपालन हमारी ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण अंग है। इसमें हमारी बहनों की बहुत बड़ी भागीदारी है। बीते दशक में हमने पशुपालन और डेयरी सेक्टर में भी विज्ञान और टेक्नोलॉजी के इस्तेमाल पर जोर दिया। प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का जिक्र करते हुए बताया कि पिछले 10 से 12 वर्षों में किसानों को दो लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का बीमा क्लेम मिला है। पीएम-कुसुम योजना के तहत करीब 12 लाख सौर पंप लगाए गए हैं। इससे किसानों की बिजली और डीजल पर निर्भरता कम हुई है। सौर पंपों के इस्तेमाल से किसानों को 80 करोड़ लीटर से अधिक डीजल की खरीद से बचत हुई है। इन सौर सिस्टम से बिजली बनाने का फायदा भी मिल रहा है।
An unforgettable welcome in Banaskantha.
It is an honour to serve the people.
હૃદયપૂર્વક આભાર, બનાસકાંઠા!
આપના સ્નેહ અને અવિસ્મરણીય સ્વાગતે હૃદયને અભિભૂત કરી દીધું.
જનતાની સેવા કરવાની તક મળવી એ માત્ર સન્માન જ નહીં, પરંતુ ગૌરવ અને સૌભાગ્યની વાત છે. https://t.co/zFgy1fmmYD
— Narendra Modi (@narendramodi) October 30, 2026
26 करोड़ मृदा स्वास्थ्य कार्ड बांटने की जानकारी
प्रधानमंत्री ने बताया कि किसानों को अब तक 26 करोड़ से अधिक मृदा स्वास्थ्य कार्ड दिए जा चुके हैं। इनके जरिए किसान अपनी जमीन की सेहत के हिसाब से खाद का इस्तेमाल कर सकते हैं। उन्होंने खेती में विज्ञान और तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल का भी जिक्र किया। पीएम मोदी ने कहा कि सरकार की योजनाओं का मकसद छोटे किसानों को आर्थिक मदद देने के साथ खेती की लागत कम करना है।






