Uttarakhand

तृतीय प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन : अतिथि साझा करेंगे अपने अनुभव, यूथ पर रहेगा विशेष फोकस

मुख्य सचिव ने सम्मेलन की तैयारियों को लेकर की समीक्षा बैठक, दून विश्वविद्यालय में 13 नवंबर को होगा आयोजित, विभिन्न विषयों पर आयोजित होने वाले सत्रों के पैनलिस्ट का निर्धारण करने पर हुई चर्चा

देहरादून, 30 अक्टूबर 2026ः

उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने शुक्रवार को सचिवालय में आगामी तृतीय प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन के आयोजन की तैयारियों के संबंध में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। सम्मेलन का आयोजन 13 नवंबर को दून विश्वविद्यालय के डॉ. नित्यानंद ऑडिटोरियम में होगा। मुख्य सचिव ने सम्मेलन की प्रस्तावित कार्यक्रम रूपरेखा की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आयोजन की सभी तैयारियां समय से व सुव्यवस्थित ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सम्मेलन में देश-विदेश में विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर रहे प्रवासी उत्तराखंड के लोगों की व्यापक सहभागिता सुनिश्चित की जाए।

सम्मेलन में पूरे भारत का प्रतिनिधित्व किया जाए सुनिश्चित

मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि सम्मेलन में पूरे भारत का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया जाए और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले प्रवासी उत्तराखंड के लोगों को आमंत्रित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं पर फोकस करने व उन्हें सम्मेलन से जोड़ने पर बल दिया, ताकि युवा पीढ़ी को प्रवासी उत्तराखंडियों के अनुभवों, नवाचारों और सफलताओं से प्रेरणा मिल सके।
बैठक में सम्मेलन में प्रतिभाग करने वाले डेलीगेट्स के पंजीकरण, उद्घाटन सत्र की रूपरेखा, विभिन्न विषयों पर आयोजित होने वाले सत्रों के पैनलिस्ट का निर्धारण और सम्मेलन की समय अवधि सहित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई।

अधिकारियों ने तैयारियों के संबंध में दिया प्रस्तुतिकरण

उन्होंने निर्देश दिए कि सम्मेलन की तैयारियों से संबंधित सभी आवश्यक कार्यों की चेकलिस्ट तैयार की जाए। उन्होंने प्रवासी प्रकोष्ठ एवं संबंधित अधिकारियों को मंगलवार तक कार्यक्रम की प्रस्तावित रूपरेखा और आयोजन से जुड़ी सभी तैयारियों को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान संबंधित अधिकारियों द्वारा सम्मेलन की तैयारियों के संबंध में प्रस्तुतिकरण भी दिया गया। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सम्मेलन को सुव्यवस्थित, प्रभावी और उद्देश्यपूर्ण बनाने के निर्देश दिए। बैठक में प्रमुख सचिव आरके सुधांशु एवं आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव शैलेश बगौली, डॉ. आर. राजेश कुमार, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी, प्रवासी प्रकोष्ठ से सुधीर नौटियाल सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें:
Advertisement

ये भी पढ़ें  उत्तराखंड में महानवमी पर सार्वजनिक अवकाश, मां सिद्धिदात्री की पूजा से जुड़ा है नवरात्रि के नौवें दिन का महत्व

Anurag Chaturvedi

अनुराग चतुर्वेदी पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता, लेखन और संपादन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। उन्होंने विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए खबरों को निष्पक्षता और गहराई के साथ जनता के सामने रखा है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link