जोशीमठ हेलीकॉप्टर हादसा : पायलट सहित 6 लोगों की गई जान, बदरीनाथ धाम से लौट रहे थे सभी
सीएम धामी ने जताया दुख, ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड के पूरे हेलीकॉप्टर बेड़े को उड़ान संचालन से रोका गया, एसडीआरएफ व सेना की टीमों ने सभी शव बरामद किए

राजकिशोर तिवारी
चमोली, 30 अक्टूबर 2026:
उत्तराखंड के बदरीनाथ धाम से लौट रहे हेलीकॉप्टर हादसे में पायलट समेत सभी छह लोगों की मौत हो गई। पुलिस, राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) और सेना की संयुक्त टीमों ने घटनास्थल से सभी छह शव बरामद कर लिए हैं। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में हुए हादसे के बाद शवों को सड़क मार्ग तक पहुंचाने के लिए बचाव अभियान जारी है।
शवों को सड़क मार्ग तक सुरक्षित लाया गया
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और सेना की टीमें मौके पर पहुंच गई थीं। दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के बीच संयुक्त टीमों ने राहत एवं बचाव अभियान चलाया। काफी प्रयासों के बाद घटनास्थल से सभी छह शव बरामद कर लिए गए। उन्हें सुरक्षित तरीके से सड़क मार्ग तक लाया गया। वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हेलीकॉप्टर हादसे में हुई जनहानि पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगतों की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

पहाड़ी क्षेत्र में हेलीकॉप्टर हुआ था दुर्घटनाग्रस्त
बता दें कि हेलीकॉप्टर बदरीनाथ से देहरादून के सहस्रधारा के लिए उड़ान भरकर लौट रहा था। दोपहर में मारवाड़ी पुल के ऊपर जेपी पावर हाउस की ओर पहाड़ी क्षेत्र में हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की जोशीमठ और पांडुकेश्वर टीम घटनास्थल के लिए रवाना हो गई। पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की टीमें भी मौके पर पहुंचीं। जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया।
हेलीकॉप्टर में पांच यात्री थे सवार
मुख्यमंत्री धामी भी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए थे। हालांकि शुरुआती सूचनाओं में हेलीकॉप्टर के क्रैश और क्रैश लैंडिंग को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई थी। हेलीकॉप्टर में कैप्टन हिमांशु पायलट के रूप में तैनात थे। उनके साथ पांच यात्री प्रताप, अरुण, शंकर गौड़ा, सुधीर के और एचएस नटराज सवार थे। सभी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, कंपनी के एहतियाती कदम के तहत ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड के पूरे हेलीकॉप्टर बेड़े को उड़ान संचालन से रोक दिया गया है।






