Nehru Hockey Tournament : दिल्ली में लखनऊ के खिलाड़ियों का जलवा, 2018 के बाद दूसरी बार नेहरू हॉकी चैंपियन बना स्पोर्ट्स कॉलेज
Lucknow Sports College : फाइनल में सोनीपत को 6-5 से दी शिकस्त, 2018 के बाद दूसरी बार बना चैंपियन, दानिश बने टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी, खिलाड़ियों ने योगी सरकार की खेल नीतियों को सराहा

लखनऊ, 1 नवंबर 2026:
उत्तर प्रदेश के लखनऊ स्पोर्ट्स कॉलेज की हॉकी टीम ने दिल्ली में शानदार प्रदर्शन करते हुए 43वें सरदार मनमोहन सिंह सब-जूनियर नेहरू हॉकी टूर्नामेंट का खिताब जीत लिया। फाइनल में गुरु गोबिन्द सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज की टीम ने हरियाणा की गवर्नमेंट हॉकी एकेडमी, सोनीपत को 6-5 से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की। साल 2018 के बाद कॉलेज की टीम ने दूसरी बार इस प्रतियोगिता में चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। टीम ने इस जीत को योगी सरकार की खेल नीतियों का नतीजा बताया।
बराबरी के बाद शूटआउट में हुआ फैसला
फाइनल मुकाबले में दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। निर्धारित समय तक स्कोर 2-2 रहा। लखनऊ की तरफ से मोहम्मद दानिश ने एक, समीर अली ने एक गोल किया। इसके बाद टाईब्रेकर शूटआउट में भी दोनों टीमें 4-4 की बराबरी पर पहुंच गईं। मुकाबले का फैसला होने पर लखनऊ के गोलकीपर अमरजीत तिवारी ने अहम बचाव किया। उनके इस प्रदर्शन ने टीम को खिताब दिलाने में बड़ी भूमिका निभाई।
दानिश को 25 हजार, टीम को मिले 1.60 लाख रुपये
टूर्नामेंट जीतने पर लखनऊ की टीम को 1.60 लाख रुपये की पुरस्कार राशि मिली, जबकि उपविजेता सोनीपत को 96 हजार रुपये दिए गए। लखनऊ के मोहम्मद दानिश को पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन खेल के लिए मैन ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। उन्हें 25 हजार रुपये का पुरस्कार मिला। फाइनल में प्रदर्शन के आधार पर सोनीपत के रोहित को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। उन्हें 10 हजार रुपये दिए गए।
कोच धर्मेन्द्र प्रताप सोनकर को भी मिला पुरस्कार
लखनऊ की विजेता टीम के कोच धर्मेन्द्र प्रताप सोनकर को 25 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी गई। वहीं, सोनीपत के कोच को 10 हजार रुपये मिले। जीत के बाद कॉलेज के प्रधानाचार्य दीपेन्द्र यादव ने खिलाड़ियों के साथ कोच धर्मेन्द्र प्रताप सोनकर को बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों के बेहतर प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। खिताब जीतने की खबर कॉलेज पहुंचते ही परिसर में खुशी का माहौल बन गया। शिक्षकों के साथ दूसरे कर्मचारियों ने भी टीम की जीत पर खुशी जताई।






