Lucknow City

लखनऊ न्यूज : एक रात, दो हत्याएं, बाग में बुजुर्ग का सिर कूचा, दोस्त ने युवक को चाकू से गोदा

माल इलाके में दो किमी. दूर मिला 58 साल के नन्हके का शव, जुआ खेलने को लेकर विवाद का शक, सआदतगंज में जेल से छूटे रेहान की हत्या कर दोस्त फरार

लखनऊ, 1 नवंबर 2026:

Lucknow Crime News : यूपी की राजधानी लखनऊ में शनिवार रात हत्या की दो वारदातें सामने आईं। माल इलाके में 58 साल के बुजुर्ग की सिर कूचकर हत्या कर दी गई। उनका शव गांव से करीब दो किलोमीटर दूर एक बाग में मिला। दूसरी घटना सआदतगंज इलाके की है, जहां मामूली विवाद के बाद एक युवक ने अपने दोस्त के गले पर चाकू से कई वार कर दिए। अस्पताल में इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। दोनों मामलों में पुलिस जांच कर रही है।

बाग में जुआ खेलने के बाद मिला बुजुर्ग का शव

माल इलाके के बीघापुर गांव निवासी नन्हके मजदूरी करते थे। शनिवार शाम वह गोपरामऊ गांव के पास एक बाग में कुछ लोगों के साथ जुआ खेल रहे थे। उनकी पत्नी मीना के मुताबिक, शाम करीब 5:30 बजे वह बकरी चराने गई थीं। इस दौरान उन्होंने पति को बाग में दो लोगों के साथ देखा था। कुछ देर बाद गांव के एक व्यक्ति का बेटा दो ईंट लेकर वहां से गया। इसके बाद जुआ खेल रहे लोग दूसरी जगह चले गए।

खोजने निकली पत्नी तो बाग में पड़ी मिली लाश

मीना बकरियां लेकर घर लौट आईं। शाम तक नन्हके घर नहीं पहुंचे तो रात करीब 7:30 बजे वह बेटे सूरज के साथ उनकी तलाश में निकलीं। गांव से करीब दो किलोमीटर दूर बाग में टॉर्च की रोशनी से देखा तो नन्हके खून से लथपथ पड़े थे। उनका सिर किसी भारी चीज से कुचला गया था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

ये भी पढ़ें:

lucknow-mein-ek-raat-do-hatyayen (2)

Advertisement

बेटे ने दो लोगों पर जताया शक

नन्हके के बेटे सूरज ने रवींद्र विश्वकर्मा निवासी बीघापुर, कल्लू निवासी गोपरामऊ पर हत्या का शक जताया है। उसका कहना है कि दोनों उसके पिता के साथ जुआ खेल रहे थे। बाद में उन्हें शराब पीते भी देखा गया था। नन्हके की पत्नी ने बताया कि उनके पति को शराब पीने की आदत थी। इंस्पेक्टर नवाब अहमद के मुताबिक, अभी परिवार की ओर से तहरीर नहीं मिली है। पुलिस गांव के लोगों से पूछताछ कर रही है।

अंबेडकर पार्क के पास दोस्त से हुआ विवाद

दूसरी वारदात सआदतगंज के आजाद नगर इलाके में हुई। रामनगर निवासी रेहान शनिवार रात अपने दोस्त उजैफा के साथ अंबेडकर पार्क के पास घूमने गया था। पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर उजैफा ने रेहान के गले पर चाकू से कई वार कर दिए। इसके बाद वह मौके से भाग निकला।

lucknow-mein-ek-raat-do-hatyayen (3)

ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान मौत

घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल रेहान को केजीएमयू के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी के भागने का वीडियो भी सामने आया है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। डीसीपी पश्चिम जितेंद्र श्रीवास्तव, एसीपी रंजीत कुमार ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया।

तीन दिन पहले ही आगरा जेल से लौटा था रेहान

रेहान की पत्नी सीबा ने बताया कि वह तीन दिन पहले ही आगरा जेल से छूटकर घर आया था। शनिवार शाम करीब 6 बजे वह घर से निकला था। रेहान के पिता मुंशी के मुताबिक, उनका बेटा करीब डेढ़ महीने जेल में रहने के बाद घर लौटा था। रात में उसकी हत्या की खबर मिली। डीसीपी पश्चिम जितेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने के बाद उपलब्ध तथ्यों के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें  रायबरेली में राहुल पर बरसे योगी, अयोध्या में अजय राय की मछली दावत पर कसा तंज, बताई राना बेनी माधव की शौर्य गाथा

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link