Lucknow News : परीक्षा की तैयारी धरी रह गई, तीन केंद्रों पर SGPGI भर्ती परीक्षा रद्द होने से भड़के अभ्यर्थी
दूसरे राज्यों से आए अभ्यर्थियों का हंगामा, तीन केंद्रों पर नहीं हो सकी परीक्षा, तकनीकी खराबी के बाद संस्थान ने लिया फैसला, नई तारीख अलग से होगी घोषित
लखनऊ, 1 नवंबर 2026:
SGPGI Exam Cancelled : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में रविवार को SGPGI की भर्ती परीक्षा देने पहुंचे अभ्यर्थियों को उस समय परेशानी का सामना करना पड़ा, जब परीक्षा शुरू होने से पहले ही इसे रद्द करने की सूचना दे दी गई। हॉस्पिटल अटेंडेंट व नर्सिंग ऑफिसर के पदों के लिए आयोजित परीक्षा बायोमेट्रिक मशीन में खराबी की शिकायत के बाद तीन केंद्रों पर निरस्त कर दी गई। सुबह करीब 7 बजे परीक्षा केंद्र पहुंचे अभ्यर्थियों को इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने नाराजगी जताते हुए नारेबाजी शुरू कर दी।
हॉस्पिटल अटेंडेंट व नर्सिंग ऑफिसर की होनी थी परीक्षा
हॉस्पिटल अटेंडेंट व नर्सिंग ऑफिसर के पदों के लिए परीक्षा देने आए अभ्यर्थियों का कहना था कि वे उत्तर प्रदेश के अलावा दूसरे राज्यों से भी परीक्षा देने लखनऊ पहुंचे थे। आने-जाने से लेकर रहने तक का इंतजाम करने के बाद अचानक परीक्षा रद्द होने से उन्हें काफी परेशानी हुई। उनका सवाल था कि जब परीक्षा की तैयारियां पहले से की गई थीं तो बायोमेट्रिक मशीन की तकनीकी खामी को समय रहते ठीक क्यों नहीं किया गया।
इन तीन केंद्रों पर रद्द हुई परीक्षा
गोमती नगर विस्तार के छोटा भरवारा इलाके में स्थित एसडीएसएन डिग्री कॉलेज, एसडीएसएन पब्लिक स्कूल व जूरिस कॉलेज ऑफ लॉ में परीक्षा को लेकर अव्यवस्थाओं की शिकायत मिली थी। इसके बाद संस्थान के अधिकारी मौके पर पहुंचे। स्थिति का जायजा लेने के बाद तीनों केंद्रों की परीक्षा निरस्त करने का फैसला लिया गया।
नई तारीख का करना होगा इंतजार
SGPGI के परीक्षा प्रकोष्ठ की ओर से बताया गया कि प्रभावित केंद्रों के अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा की नई तारीख अलग से घोषित की जाएगी। फिलहाल परीक्षा कब होगी, इसे लेकर कोई तारीख जारी नहीं की गई है।
मौके पर पहुंची कई थानों की पुलिस
परीक्षा रद्द होने के बाद अभ्यर्थियों के प्रदर्शन की सूचना पर गोमती नगर विस्तार समेत आसपास के कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने नाराज अभ्यर्थियों को समझाने का प्रयास किया। इस दौरान परीक्षा केंद्रों पर काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। मामला गोमती नगर विस्तार थाना क्षेत्र का है।






