Lucknow City

Diwali पर आंगनवाड़ी कर्मियों को उपहार : कार्यकर्ताओं का मानदेय 12 हजार और सहायिकाओं का हुआ 6 हजार

परिवार को हर साल 5 लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा, अब दो की जगह मिलेंगी तीन साड़ियां, 2017 के मुकाबले चार गुना हुआ मानदेय।

लखनऊ, 3 नवंबर 2026:

यूपी की लाखों आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के लिए इस बार दिवाली खुशियों की नई सौगात लेकर आई है। योगी सरकार ने त्योहार से पहले उनके मानदेय में बढ़ोतरी कर आर्थिक राहत दी है। अब आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को 8 हजार के बजाय 12 हजार रुपये और सहायिकाओं को 4 हजार के स्थान पर 6 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय मिलेगा। इस फैसले से कार्यकर्ताओं की मासिक आमदनी में 4 हजार और सहायिकाओं की आमदनी में 2 हजार रुपये का इजाफा हुआ है। लंबे समय से बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा की जिम्मेदारी संभाल रहीं इन महिलाओं के लिए यह बढ़ोतरी परिवार का बजट मजबूत करने में मददगार होगी।

परिवार को 5 लाख तक कैशलेस इलाज, अब मिलेंगी तीन साड़ियां

सरकार ने आंगनवाड़ी कर्मियों के साथ उनके परिवारों की स्वास्थ्य सुरक्षा पर भी ध्यान दिया है। प्रदेश के करीब 3.35 लाख आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं तथा उनके परिवार के सदस्यों को हर साल 5 लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी। इसके तहत सरकारी अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों और सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में उपचार कराया जा सकेगा। इसके अलावा अब तक मिलने वाली दो साड़ियों के बजाय तीन साड़ियां उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके लिए 500 रुपये अतिरिक्त देने की व्यवस्था की गई है। इस योजना पर सरकार करीब 20 करोड़ रुपये खर्च कर रही है।

स्मार्टफोन से डिजिटल होंगे आंगनवाड़ी केंद्र

आंगनवाड़ी व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए तकनीकी सुविधाओं का भी विस्तार किया जा रहा है। पहले चरण में 1,23,398 स्मार्टफोन उपलब्ध कराए गए हैं। इसके बाद रिप्लेसमेंट पॉलिसी के तहत 69,803 अतिरिक्त स्मार्टफोन दिए गए। इससे बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और सरकारी योजनाओं से जुड़ी जानकारियां रियल टाइम में दर्ज करना आसान हुआ है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के हर आंगनवाड़ी केंद्र को अपना भवन उपलब्ध कराने का लक्ष्य भी रखा है।

ये भी पढ़ें:

2017 के मुकाबले चार गुना हुआ मानदेय

महिला एवं बाल विकास विभाग की अपर मुख्य सचिव लीना जौहरी के मुताबिक प्रदेश सरकार 1,75,982 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और 1,70,656 सहायिकाओं के आर्थिक सशक्तीकरण और सामाजिक सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। मानदेय वृद्धि से उन्हें हर महीने अतिरिक्त आर्थिक संबल मिलेगा। वहीं, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सावित्री ने कहा कि 4 हजार रुपये अतिरिक्त मिलने से घर के खर्च और बच्चों की जरूरतें पूरी करने में मदद मिलेगी। कार्यकर्ता सीमा ने परिवार को 5 लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा को बड़ी राहत बताया।

Advertisement

मालूम हो कि वर्ष 2017 में योगी सरकार के सत्ता संभालने के समय आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को 3 हजार और सहायिकाओं को 1,500 रुपये प्रतिमाह मानदेय मिलता था। अब यह बढ़कर क्रमशः 12 हजार और 6 हजार रुपये हो गया है। दोनों श्रेणियों के मानदेय में चार गुना वृद्धि हुई है। कोरोना काल में भी आंगनवाड़ी कर्मियों ने गांव-गांव पहुंचकर स्क्रीनिंग और संक्रमित लोगों की सेवा में अहम भूमिका निभाई थी। सरकार की इन घोषणाओं से उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होने की उम्मीद है। परिवार की स्वास्थ्य सुरक्षा और कार्य सुविधाओं में भी सुधार होगा।

ये भी पढ़ें  मुख्तार अंसारी की जमीन पर अब गरीबों का हक लेकिन 25 साल तक कोई सौदा नहीं!

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link