Uttar Pradesh

कांग्रेस करेगी यूपी विधानसभा का घेराव, 18 दिसंबर को सरकार से मांगेगी जवाब

लखनऊ, 12 दिसंबर 2024:
उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने आज गुरूवार को योगी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए आगामी 18 दिसंबर को यूपी विधानसभा का घेराव करने की घोषणा की है। इस संबंध में जानकारी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने प्रदेश पार्टी मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान दी।

प्रदेश की स्थिति खराब: अजय राय

पत्रकारों को संबोधित करते हुए अजय राय ने कहा कि उत्तर प्रदेश में आज हालात बेहद खराब हो चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश के किसान हों या युवा, हर वर्ग परेशान है। उन्होंने कहा, “प्रदेश में फर्जी दंगे और एनकाउंटर हो रहे हैं। सारा काम गुजरात के ठेकेदारों को सौंपा जा रहा है, जिससे स्थानीय ठेकेदारों के रोजगार खत्म हो रहे हैं। गुजरात की कंपनियों ने यहां एकाधिकार कर लिया है। योगी सरकार हर मोर्चे पर असफल रही है। इसी के चलते हमने 18 दिसंबर को विधानसभा सत्र के दौरान घेराव करने का निर्णय लिया है।”

आराधना मिश्रा ने साधा निशाना

ये भी पढ़ें:

कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा ने भी प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने ‘द हो हल्ला’ टीम से बात करते हुए कहा, “योगी सरकार हर मुद्दे पर विफल हो चुकी है, चाहे वह किसानों की समस्याएं हों, युवाओं की बेरोजगारी हो या महिलाओं की सुरक्षा का मामला। विधानसभा में भाजपा सरकार सवालों के जवाब देने से कतराती है।”
उन्होंने आगे कहा कि भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश को केवल छल, धोखा और ठगी दी है। इनके कुशासन की वजह से प्रदेश के किसान, नौजवान और महिलाएं त्रस्त हैं। आराधना मिश्रा ने कहा, “हम जनता के सवालों और उनके हक की आवाज उठाने के लिए 18 दिसंबर को विधानसभा का घेराव करेंगे। यह हमारी नैतिक जिम्मेदारी है कि हम जनता की उम्मीदों को पूरा करने के लिए सरकार से सवाल पूछें।”

Advertisement

शीतकालीन सत्र में होगी सरकार की घेराबंदी

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश विधानसभा का शीतकालीन सत्र 16 दिसंबर से शुरू होकर 20 दिसंबर तक चलेगा। कांग्रेस पार्टी ने इस सत्र में सरकार को हर मुद्दे पर जवाबदेह बनाने और जनता के सवालों को उठाने का संकल्प लिया है।
कांग्रेस के इस घेराव को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है। देखना होगा कि 18 दिसंबर को विधानसभा के बाहर इस आंदोलन का क्या असर होता है और सरकार इन आरोपों का क्या जवाब देती है।

ये भी पढ़ें  लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर डबल डेकर बस पलटी, एक की मौत, 32 यात्री घायल

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link