Ayodhya Deepotsav 2026 : आज घाटों पर सजेंगे लाखों दीये, स्वयंसेवक बिछाएंगे श्रृंखला
10वें दीपोत्सव को ऐतिहासिक बनाने में जुटे अवध विश्वविद्यालय के युवा, 25 बसों से पहुंचेंगे घाट, रूट और समय-सारिणी तय, आईडी कार्ड के साथ समय पर पहुंचने के निर्देश

अयोध्या/लखनऊ, 4 नवंबर 2026:
रामनगरी अयोध्या में 10वें दीपोत्सव को भव्य और ऐतिहासिक बनाने की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। दीपोत्सव के दौरान घाटों को दीयों से रोशन करने की जिम्मेदारी संभालने के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के स्वयंसेवक आज आयोजन स्थल पर पहुंचेंगे। स्वयंसेवक निर्धारित घाटों पर दीये बिछाने और दीप सज्जा का काम शुरू करेंगे। उनकी मेहनत और समर्पण से रामनगरी के घाट एक बार फिर दीपों की अद्भुत छटा से जगमगाने को तैयार हैं।
विश्वविद्यालय के कुलपति ने अपने संदेश में स्वयंसेवकों को दीपोत्सव की सबसे मजबूत कड़ी बताया। उन्होंने कहा कि युवा स्वयंसेवक जब घाटों पर दीपों की श्रृंखलाएं सजाएंगे तो हर दीप में उनकी निष्ठा, अनुशासन और समर्पण की झलक दिखाई देगी। उन्हें विश्वास है कि स्वयंसेवक अपने सेवाभाव और अथक परिश्रम से विश्व पटल पर एक बार फिर नया कीर्तिमान स्थापित करने में योगदान देंगे।
स्वयंसेवकों के आवागमन को सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं। यातायात समिति के समन्वयक प्रो. अनूप कुमार के निर्देशन में 25 बसों के लिए निर्धारित मार्ग और समय-सारिणी तैयार कर ली गई है। इसका मकसद सभी स्वयंसेवकों को सुरक्षित और समय से दीपोत्सव स्थल तक पहुंचाना है जिससे वे बिना किसी देरी के अपने निर्धारित घाटों पर जिम्मेदारी संभाल सकें।
आईडी कार्ड अनिवार्य, अनुशासन पर फोकस
विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी स्वयंसेवकों और नोडल अधिकारियों को निर्धारित समय से पहले पहुंचने के निर्देश दिए हैं। सभी को अपना परिचय-पत्र (आईडी कार्ड) साथ रखना होगा। इसके साथ ही बसों में निर्धारित स्थान पर बैठने और अनुशासन बनाए रखने की हिदायत दी गई है। दीपोत्सव की भव्यता में युवाओं की सक्रिय भागीदारी एक बार फिर आयोजन को खास बनाने जा रही है।






