उत्तराखंड को 1475 करोड़ की सौगात, अमित शाह व धामी ने किया 62 योजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास
राज्योत्सव कार्यक्रम में शामिल हुए केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री, शहरी विकास, शिक्षा, पर्यटन व स्वास्थ्य सहित विभिन्न क्षेत्रों की आधारभूत सुविधाओं को मिलेगी मजबूती

राजकिशोर तिवारी
देहरादून, 6 नवंबर 2026:
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को परेड ग्राउंड में आयोजित उत्तराखंड राज्योत्सव कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड को 1475.31 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात दी। दोनों नेताओं ने कुल 62 योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 1073.11 करोड़ रुपये की 44 योजनाओं का शिलान्यास और 402.20 करोड़ रुपये की 18 योजनाओं का लोकार्पण शामिल है। इन परियोजनाओं के माध्यम से प्रदेश में बिजली, पेयजल, सड़क, शहरी विकास, शिक्षा, पर्यटन और स्वास्थ्य सहित विभिन्न क्षेत्रों की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत किया जाएगा।
बिजली और पेयजल पर बड़ा निवेश
ऊर्जा क्षेत्र में यूपीसीएल की 472.33 करोड़ रुपये की 20 योजनाओं का शिलान्यास और 77.93 करोड़ रुपये की तीन योजनाओं का लोकार्पण किया गया। वहीं, पेयजल निगम की 191.17 करोड़ रुपये की आठ योजनाओं का शिलान्यास और 82.03 करोड़ रुपये की पांच योजनाओं का लोकार्पण हुआ। जल संस्थान की 62.30 करोड़ रुपये की दो योजनाओं की भी आधारशिला रखी गई।
कुंभ व पर्यटन परियोजनाओं को मिलेगी गति
लोक निर्माण विभाग की 18.78 करोड़ रुपये की एक योजना का शिलान्यास और 99.68 करोड़ रुपये की तीन योजनाओं का लोकार्पण किया गया। शहरी विकास विभाग की 92.25 करोड़ रुपये की चार योजनाओं का शिलान्यास और 10.95 करोड़ रुपये की एक योजना का लोकार्पण हुआ। इनमें वर्ष 2027 में प्रस्तावित कुंभ मेले के मद्देनजर हरिद्वार में सड़क, पुल और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास से जुड़े कार्य शामिल हैं। पर्यटन क्षेत्र में 43.70 करोड़ रुपये की दो योजनाओं का शिलान्यास किया गया।
साइबर सुरक्षा से डेयरी उद्योग तक नई पहल
गृह विभाग की 68.27 करोड़ रुपये की दो महत्वपूर्ण योजनाओं की आधारशिला रखी गई। इनमें देहरादून में 31.63 करोड़ रुपये की लागत से साइबर उत्कृष्टता केंद्र और हल्द्वानी में 36.64 करोड़ रुपये की लागत से अग्निशमन केंद्र के आवासीय भवनों का निर्माण शामिल है। डेयरी विकास विभाग की 48.21 करोड़ रुपये की योजना के तहत सितारगंज में मिल्क पाउडर प्लांट, आइसक्रीम प्लांट और बेकरी इकाई स्थापित की जाएगी।
शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र को भी सौगात
तकनीकी शिक्षा विभाग की 35.06 करोड़ रुपये की एक योजना का शिलान्यास और 61.98 करोड़ रुपये की तीन योजनाओं का लोकार्पण किया गया। इनमें नई टिहरी के राजकीय पॉलिटेक्निक में भवन निर्माण भी शामिल है। उच्च शिक्षा विभाग की 19.01 करोड़ रुपये की योजना के तहत अगस्त्यमुनि राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में पीजी ब्लॉक बनाया जाएगा। इसके अलावा आवास विभाग की 10.59 करोड़ रुपये की योजना का शिलान्यास और 12.48 करोड़ रुपये की योजना का लोकार्पण हुआ। गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग विभाग की 11.44 करोड़ रुपये की योजना का शिलान्यास किया गया। चिकित्सा शिक्षा विभाग की 57.15 करोड़ रुपये की दो योजनाओं का लोकार्पण भी किया गया।





