DAV PG College में Student Union Election : ABVP-NSUI ने अध्यक्ष पद के प्रत्याशी किए घोषित
नेशनल स्टूडेंट यूनियन ऑफ इंडिया ने सौरभ सेमवाल व अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने नवदीप राणा को मैदान में उतारा, डीबीएस पीजी कॉलेज में अभिनव कफलिया को बनाया गया उम्मीदवार

राजकिशोर तिवारी
देहरादून, 21 सितंबर 2026ः
छात्रसंघ चुनाव 2026-27 (Student Union Election) के लिए 29 सितंबर की तारीख प्रस्तावित है। इसको लेकर उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के प्रमुख महाविद्यालयों में सियासी हलचल तेज हो गई है। डीएवी पीजी कॉलेज (DAV PG College) में अध्यक्ष पद को लेकर नेशनल स्टूडेंट यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) आमने-सामने आ गए हैं। एनएसयूआई ने जहां सौरभ सेमवाल को अध्यक्ष पद का प्रत्याशी घोषित किया है तो वहीं एबीवीपी ने नवदीप राणा को अपना प्रत्याशी बनाकर चुनावी मैदान में उतारा है। क्षेत्रीय संगठन मंत्री विपिन गुप्ता ने कार्यकर्ताओं से चुनाव में मजबूती के साथ जुटने का आह्वान किया।
कांग्रेस भवन में मीडिया से बातचीत में एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष विकास नेगी और जिला अध्यक्ष हिमांशु रावत ने प्रत्याशी के नाम की घोषणा की। एनएसयूआई ने डीएवी के अलावा डीबीएस पीजी कॉलेज में अभिनव कफलिया को अध्यक्ष पद का प्रत्याशी बनाया है। एमकेपी पीजी कॉलेज में पूरा पैनल उतारा है। एमकेपी पीजी कॉलेज में एनएसयूआई ने प्राची शर्मा को अध्यक्ष पद का प्रत्याशी घोषित किया है।
उपाध्यक्ष पद पर मोनिका, सहसचिव पद पर संजना, महासचिव पद पर प्रीति और कोषाध्यक्ष पद पर मोनिका रौथान को प्रत्याशी बनाया गया है। विश्वविद्यालय प्रतिनिधि (यूआर) पद के लिए सलोनी को मैदान में उतारा। डीएवी में दोनों प्रमुख छात्र संगठनों की ओर से अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों की घोषणा के बाद चुनावी प्रचार तेज होने लगा है। इस अवसर पर प्रांत संगठन मंत्री अंकित सुंदरियाल, प्रांत मंत्री यशवंत पंवार, महानगर मंत्री आयुषी पैन्यूली, पूर्व महासचिव सुमित कुमार, छात्रसंघ अध्यक्ष ऋषभ मल्होत्रा, देवेंद्र दानू समेत कार्यकर्ता मौजूद रहे।





