Lucknow News : 38 हजार दावेदारों के बीच 4,539 को मिला प्लॉट, नैमिष नगर-वरुण विहार की लॉटरी पूरी
तीन दिन तक चली LDA की लॉटरी में अंतिम दिन 860 भूखंडों का आवंटन, नाम की पर्ची निकलते ही खुशी से झूम उठे आवेदक

लखनऊ, 7 नवंबर 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ में अपना आशियाना बनाने का सपना देख रहे हजारों लोगों के बीच आखिरकार किस्मत का फैसला हो गया। दिवाली के मौके पर लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने नैमिष नगर और वरुण विहार आवासीय योजनाओं के प्रथम चरण की लॉटरी प्रक्रिया पूरी कर ली। अंतिम दिन 860 भूखंडों का लकी ड्रॉ निकाला गया। इसके साथ ही तीन दिन तक चली आवंटन प्रक्रिया में कुल 4,539 भूखंडों का आवंटन किया गया। अपने नाम की पर्ची निकलते ही किसी आवेदक के चेहरे पर मुस्कान छा गई तो किसी की आंखें खुशी से नम हो गईं।
वरुण विहार में 727 भूखंडों की खुली किस्मत
एलडीए के अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा ने बताया कि इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के जुपिटर सभागार में वरुण विहार योजना के प्रथम चरण की लॉटरी आयोजित की गई। अंतिम दिन 162, 288, 300 और 450 वर्ग मीटर क्षेत्रफल के कुल 727 भूखंडों का आवंटन किया गया।
नैमिष नगर के 133 भूखंडों का आवंटन
वहीं, मार्स हॉल में आयोजित नैमिष नगर योजना की लॉटरी में 288 और 450 वर्ग मीटर क्षेत्रफल के 133 भूखंड आवंटित किए गए। अपर सचिव सीपी त्रिपाठी ने बताया कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई गई।

38,457 आवेदकों के बीच निकली किस्मत की पर्चियां
दोनों आवासीय योजनाओं के लिए गत 24 सितंबर से 27 अक्टूबर तक ऑनलाइन पंजीकरण हुए थे। इस दौरान कुल 38,457 लोगों ने आवेदन किया। पहले दिन 2,243, दूसरे दिन 1,436 और अंतिम दिन 860 भूखंडों का लकी ड्रॉ निकाला गया। एलडीए ने पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए आवेदकों को खुले मंच पर बुलाकर उनके ही हाथों से लॉटरी की पर्चियां निकलवाईं।
इस पूरी प्रक्रिया का यूट्यूब चैनल पर लाइव प्रसारण भी किया गया। कई आवेदक लाइव प्रसारण में अपना नाम देखकर इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान पहुंचे और प्राधिकरण की व्यवस्थाओं की सराहना की। इस दौरान वित्त नियंत्रक अनिल कुमार सिंह, संयुक्त सचिव सोमकमल सीताराम समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।






