आस्था के दीपों से जगमगाएगी रामनगरी : योगी की मौजूदगी में होगा भव्य दीपोत्सव, लेजर-ड्रोन शो से सजेगी राम की पैड़ी
भगवान श्रीराम के स्वागत से राजतिलक तक सीएम योगी निभाएंगे परंपराएं, सरयू आरती और दीप प्रज्ज्वलन में होंगे शामिल, रामलीला और हरित आतिशबाजी का भी लेंगे आनंद

अयोध्या/लखनऊ, 7 नवंबर 2026:
रामनगरी अयोध्या एक बार फिर आस्था, भक्ति और भव्यता के अनूठे संगम की साक्षी बनने जा रही है। 10वें दीपोत्सव को ऐतिहासिक और यादगार बनाने के लिए तैयारियां पूरी हो गई हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज और कल अयोध्या में रहकर दीपोत्सव के प्रमुख आयोजनों में शामिल होंगे। भगवान श्रीराम के स्वागत, राजतिलक, सरयू आरती और दीप प्रज्ज्वलन से लेकर लेजर, प्रोजेक्शन मैपिंग और ड्रोन शो तक कई आकर्षण रामनगरी की छटा को भव्य बनाएंगे।
हेलीपैड से रामकथा पार्क तक दिखेगी दीपोत्सव की भव्यता
प्रस्तावित कार्यक्रम के मुताबिक मुख्यमंत्री दोपहर करीब 2:40 बजे रामकथा पार्क के निकट बने हेलीपैड पर पहुंचेंगे। यहां से वह दीपोत्सव की भव्य झांकियों का अवलोकन करेंगे और रथ खींचने के आयोजन में हिस्सा लेंगे। इसके बाद हेलीकॉप्टर से भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के स्वरूपों के साथ अयोध्या के ऊपर पुष्पवर्षा करेंगे। रामकथा पार्क में तीनों स्वरूपों का राजतिलक किया जाएगा। इसके बाद मुख्यमंत्री संत-महात्माओं, श्रद्धालुओं और आमजन के बीच पहुंचकर जनसभा को संबोधित करेंगे।
सरयू आरती से दीप प्रज्ज्वलन तक, रोशनी में नहाएगी राम की पैड़ी
रामकथा पार्क के बाद मुख्यमंत्री राम की पैड़ी पहुंचकर मां सरयू की आरती करेंगे। उनकी मौजूदगी में दीप प्रज्ज्वलन के साथ रामनगरी दीपों की रोशनी से जगमगा उठेगी। यहां प्रोजेक्शन मैपिंग के जरिए भगवान श्रीराम की गाथा का भव्य प्रदर्शन होगा। वहीं, लेजर और ड्रोन शो आसमान में आकर्षण बिखेरेंगे। मुख्यमंत्री राम की पैड़ी स्थित मंच से संबोधन भी करेंगे।

इसके बाद वह सरयू पुल पर हरित पटाखों की आतिशबाजी देखेंगे। कार्यक्रम के अंतिम चरण में रामकथा पार्क पहुंचकर रामलीला का अवलोकन करेंगे। रात्रि विश्राम सरयू अतिथि गृह में प्रस्तावित है। इस बार का दीपोत्सव धार्मिक परंपराओं के साथ आधुनिक तकनीक और भव्य आयोजनों के जरिए अयोध्या की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाई देने का संदेश देगा।






