Lucknow City

Ayodhya Deepotsav : CM योगी का भावुक संदेश, बोले- एक ज्योति जलाने से मिट जाता है अंधकार

10वें दीपोत्सव पर रामनगरी के नाम मुख्यमंत्री का संदेश, बोले- 2017 में सरयू तट पर जली संकल्प की लौ ने अयोध्या को वैश्विक पहचान दिलाई, घर-आंगन में दीप जलाकर मनाएं सनातन चेतना का उत्सव

लखनऊ, 7 नवंबर 2026:

रामनगरी अयोध्या में 10वें दीपोत्सव के भव्य आयोजन से पहले यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने रामभक्तों के नाम भावुक और आध्यात्मिक संदेश दिया है। उन्होंने दीपक को केवल मिट्टी का पात्र नहीं अपितु चेतना के जागरण का प्रतीक बताते हुए कहा कि अंधकार से लड़ने की जरूरत नहीं होती, केवल एक ज्योति जलानी होती है और अंधकार स्वयं विदा हो जाता है। मुख्यमंत्री ने लोगों से आह्वान किया कि श्रीराम जन्मभूमि पर जब दीप प्रज्वलित हों तो वे भी अपने घर-आंगन में दीप जलाकर इस उत्सव का हिस्सा बनें।

योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर संस्कृत के श्लोक ‘राम रामेति रामेति रमे रामे मनोरमे। सहस्रनाम तत्तुल्यं रामनाम वरानने।।’ के साथ अपने संदेश की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि पुण्यसलिला मां सरयू की गोद में बसी धर्मनगरी अयोध्या अलौकिक उल्लास, गौरव और भक्ति के महापर्व दिव्य दीपोत्सव के लिए पूरी तरह सज्जित है। वर्षों की प्रतीक्षा और करोड़ों सनातनियों की आस्था का प्रतिफल आज लाखों दीपों की स्वर्णिम आभा के रूप में अंधकार पर प्रकाश, सत्य और धर्म की शाश्वत विजय का उद्घोष करेगा।

योगी ने दीपोत्सव में शामिल होने आ रहे उपराष्ट्रपति, मित्र देशों के राजदूतों, उच्चायुक्तों, राजनयिकों, देश-विदेश के विशिष्ट अतिथियों, साधु-संतों और रामभक्तों का प्रभु श्रीराम की जन्मभूमि पर स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि समता, समरसता, सांस्कृतिक एकात्मता और ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की भावना से जुड़ा यह आयोजन ऐतिहासिक और अविस्मरणीय बनेगा।

ये भी पढ़ें:

2017 में जली संकल्प की लौ ने अयोध्या को दिलाई वैश्विक पहचान

मुख्यमंत्री ने दीपोत्सव के दस वर्षों के सफर को अयोध्या के सांस्कृतिक गौरव की पुनर्स्थापना का स्वर्णिम अध्याय बताया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 में सरयू तट पर प्रज्वलित संकल्प की एक लौ ने भारतीय संस्कृति के गौरव को वैश्विक पटल पर नई पहचान और प्रतिष्ठा दिलाई। दीपोत्सव का यह दशक केवल दीपों की जगमगाहट और विश्व कीर्तिमानों तक सीमित नहीं रहा। यह प्रभु श्रीराम की नगरी के त्रेतायुगीन वैभव और सनातन संस्कृति के पुनर्जागरण का प्रतीक भी बना है।

Advertisement

योगी ने कहा कि राम की पैड़ी पर प्रज्वलित लाखों दीपों ने अंधकार दूर करने के साथ आस्था, अंत्योदय और स्थानीय स्वावलंबन की नई ज्योति भी जलाई है। यह आयोजन सदियों की प्रतीक्षा को भव्य यथार्थ में बदलने और अयोध्या को उसकी सांस्कृतिक पहचान के साथ पुनः प्रतिष्ठित करने का साक्षी है।

प्रभु श्रीराम के आदर्शों को जीवन में आत्मसात करने की अपील

मुख्यमंत्री ने दीपोत्सव के इस गौरवशाली दसवें संस्करण पर लोगों से प्रभु श्रीराम के आदर्शों को जीवन में आत्मसात करने की अपील की। उन्होंने कहा कि रामराज्य ऐसा होना चाहिए जहां विकास का प्रकाश समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे और आस्था, समरसता एवं सेवा की सनातन ज्योति युगों-युगों तक आलोकित होती रहे।

ये भी पढ़ें  AI बताएगा युवाओं को रोजगार के रास्ते : UP के सभी मंडलों में डिजिटल मैप पर दिखेंगी नौकरियां

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link