महाकुंभ स्पेशल ट्रेन: 12 जनवरी से प्रयागराज, चेन्नै और हैदराबाद के लिए ट्रेनें चलेंगी

प्रयागराज,3 जनवरी 2025
महाकुंभ के दौरान रेलवे ने देश भर से विशेष ट्रेनें चलाने की योजना बनाई है। लखनऊ से प्रयागराज के लिए स्पेशल पैसेंजर ट्रेन 12 जनवरी से चलेगी। यह ट्रेन 12, 13, 27, 28 जनवरी, और 1, 2, 10, 11, 24, 25 फरवरी को लखनऊ के चारबाग स्टेशन से दोपहर 2 बजे रवाना होकर प्रयाग जंक्शन शाम 07:55 बजे पहुंचेगी। वापसी यात्रा में यह ट्रेन दूसरे रूट से चलेगी। इसके अलावा, चेन्नै से गोमतीनगर के लिए एक विशेष ट्रेन 18 जनवरी, 15 फरवरी और 1 मार्च को चलेगी। यह ट्रेन चेन्नै सेंट्रल से दोपहर 2:20 बजे शुरू होकर कई प्रमुख शहरों से गुजरते हुए तीसरे दिन गोमतीनगर पहुंचेगी।
हैदराबाद-गोरखपुर के बीच भी विशेष ट्रेन चलाई जाएगी, जो हर शुक्रवार को हैदराबाद से रात 9 बजे रवाना होगी और तीसरे दिन सुबह गोरखपुर पहुंचेगी। वापसी यात्रा में यह ट्रेन हर रविवार सुबह 8:30 बजे गोरखपुर से चलेगी और दूसरे दिन शाम को हैदराबाद पहुंचेगी। इन विशेष ट्रेनों में विभिन्न श्रेणियों के कोच होंगे, जिनमें थर्ड एसी, स्लीपर और जनरल कोच शामिल होंगे।






