वाराणसी : साइबर जालसाजों का खेल, विदेश में नौकरी के नाम पर युवक से 80 लाख ठगे

अंशुल मौर्य
वाराणसी, 18 जनवरी 2025:
यूपी के वाराणसी के एक युवक को आस्ट्रेलिया में नौकरी दिलाने के नाम पर साइबर जालसाजों ने 80 लाख ठग लिए। ठगी का शिकार युवक अखिलेश कुमार पहले भी विदेश में काम कर चुका हैं लेकिन जालसाजों उसे झांसा देकर 20 अलग-अलग अकाउंट में पैसे ट्रांसफर करवा लिए।
फोन करके लिया इंटरव्यू
आनंदपुरी कालोनी निवासी अखिलेश कुमार की शिकायत पर शनिवार को साइबर थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। अखिलेश के मुताबिक 4 अक्टूबर 2024 को उसके मेल आईडी पर एक जॉब ऑफर एक एजेंसी के माध्यम से आया था। इसके बाद उन्हें फोन आया और उनका इंटरव्यू हुआ।
तीन महीने तक जाल में उलझाए रखा
अक्टूबर से जनवरी तक अखिलेश ने आस्ट्रेलिया में जॉब के लिए विभिन्न शुल्कों के नाम पर 80 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए, जिनमें मेडिकल फीस, वीजा, इमिग्रेशन, सिक्योरिटी फीस, अपार्टमेंट सिक्योरिटी फीस, कंपनी बांड फीस और अकॉउन्ट ओपन फीस शामिल थी। उसे बताया गया था कि ज्वाइनिंग से पहले 90 प्रतिशत पैसा वापस कर दिया जाएगा, लेकिन न ज्वाइनिंग हुई न पैसा वापस मिला। उसने कई लोगों के खातों में पैसे ट्रांसफर किए, जिनमें अकाउंटेंट, रिसेप्शनिस्ट, एचआर, एजेंट और अन्य शामिल थे। इस मामले में साइबर पुलिस डिजिटल फुट प्रिंट व सर्विलांस की मदद से जांच कर रही है।






