Uttar Pradesh

800 रुपये की फीस के लिए स्कूल ने नहीं देनी दी परीक्षा, 9 वीं की छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली

प्रतापगढ़, 30 मार्च 2025

उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में कक्षा 9 की एक छात्रा अपने कमरे में फंदे से लटकी पाई गई। पुलिस ने बताया कि उसे कथित तौर पर वार्षिक परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी गई और कॉलेज प्रशासन ने फीस न चुकाने पर अपमानित किया।

पुलिस ने बताया कि उसकी मां पूनम देवी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, कमला शरण यादव इंटर कॉलेज की छात्रा रिया प्रजापति (17) को 800 रुपये की फीस बकाया होने के कारण प्रवेश पत्र नहीं दिया गया।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि उसने आरोप लगाया कि उसकी बेटी को कॉलेज प्रबंधक संतोष कुमार यादव, प्रिंसिपल राजकुमार यादव, स्टाफ सदस्य दीपक सरोज, चपरासी धनीराम और एक शिक्षक (जिसकी पहचान अभी नहीं हो पाई है) ने शनिवार को परीक्षा देने के दौरान अपमानित किया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) दुर्गेश कुमार सिंह ने शिकायत का हवाला देते हुए बताया कि लड़की को परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी गई और उसे घर लौटने को कहा गया। पुलिस ने बताया कि अपमान से आहत रिया घर लौटी और कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि कॉलेज स्टाफ ने उसकी बेटी का भविष्य बर्बाद करने की धमकी दी, जिसके कारण उसने आत्महत्या कर ली।

पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

ये भी पढ़ें  बंदी युवक का शव लेकर कचहरी पहुंचा परिवार... प्रदर्शन कर जेल के अफसरों पर जड़े आरोप

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link