Education

UP के इंजीनियरिंग कॉलेजों में नहीं बढ़ेगी फीस, छात्रों को मिली बड़ी राहत

लखनऊ, 12 अगस्त 2025:

यूपी के इंजीनियरिंग कॉलेजों में पढ़ाई करने वाले छात्रों के लिए बड़ी राहत की खबर है। प्राविधिक शिक्षा विभाग ने 2025-26 शैक्षणिक सत्र के लिए भी डिग्री, डिप्लोमा और सहायता प्राप्त डिप्लोमा इंजीनियरिंग संस्थानों में फीस न बढ़ाने का निर्णय लिया है।

शासन की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि निजी क्षेत्र के डिग्री, डिप्लोमा और सहायता प्राप्त डिप्लोमा इंजीनियरिंग संस्थानों में चल रहे पाठ्यक्रमों का मानक शुल्क पहले की तरह ही रहेगा। विभाग का मानना है कि शुल्क वृद्धि से ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर पृष्ठभूमि के छात्र-छात्राओं पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा, इसलिए यह कदम जनहित में उठाया गया है।

विभाग के संयुक्त सचिव प्रभाकर मिश्र ने प्रवेश एवं फीस नियमन समिति को पत्र भेजकर इस निर्णय का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्राविधिक शिक्षा मंत्री आशीष पटेल ने बताया कि पिछले चार वर्षों से फीस में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है। इस साल भी छात्रहित को ध्यान में रखते हुए यही नीति अपनाई गई है।

वर्तमान में नए सत्र के लिए प्रवेश प्रक्रिया जारी है। ऐसे में यह फैसला नए प्रवेश लेने वाले छात्रों के लिए विशेष रूप से राहतकारी साबित होगा। सरकारी संस्थानों में भी पहले से ही शुल्क न बढ़ाने का निर्णय लागू है।

ये भी पढ़ें  जनता दर्शन : जमीन पर कब्जे की शिकायत लेकर पहुंची महिला, सीएम बोले...दबंगों को सबक सिखाएं

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button