दुबई में बैठा बेटा… भागने को तैयार पिता एयरपोर्ट से गिरफ्तार, कोडीनयुक्त कफ सिरप सिंडिकेट पर एक्शन
मास्टरमाइंड शुभम जायसवाल के पिता भोला प्रसाद को पुलिस ने कोलकाता में दबोचा, लखनऊ में पकड़ा जा चुका है नेटवर्क का कारोबारी पार्टनर अमित सिंह टाटा
लखनऊ, 30 नवंबर 2025:
कोडीनयुक्त कफ सिरप तस्करी के अंतरराज्यीय गिरोह पर पुलिस का शिकंजा कस रहा है। इस सिंडिकेट के मास्टरमाइंड शुभम जायसवाल के पिता भोला प्रसाद को यूपी के सोनभद्र जिले की पुलिस ने कोलकाता के दमदम एयरपोर्ट के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार वह विदेश भागने की कोशिश में था।
उसका बेटा शुभम जायसवाल पहले ही अपने परिवार व अन्य सहयोगियों के साथ दुबई में शरण ले चुका है। वहीं से शुभम एक ऐप के माध्यम से संवाद करता है। इससे पहले बृहस्पतिवार को यूपी एसटीएफ ने लखनऊ के गोमतीनगर क्षेत्र से तस्करी नेटवर्क से जुड़े एक अन्य आरोपी अमित सिंह टाटा को गिरफ्तार किया था। उसके पास से एक फॉर्च्यूनर वाहन, दो मोबाइल फोन और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद हुए।

अमित टाटा मूल रूप से जौनपुर का निवासी है। फिलहाल वाराणसी कैंट क्षेत्र में रहता था। वह जौनपुर के एक पूर्व सांसद का करीबी बताया गया। वह स्थानीय राजनीति में सक्रिय था। अमित जौनपुर में ब्लॉक प्रमुख के चुनाव की तैयारी भी कर रहा था।
जांच में सामने आया कि अमित टाटा, शुभम जायसवाल के साथ मिलकर पश्चिम बंगाल व झारखंड तक कफ सिरप की तस्करी करता था। गिरोह के कई अन्य सदस्यों जैसे सौरभ त्यागी और विभोर राणा को पहले ही रांची और गाजियाबाद में पुलिस एवं एसटीएफ ने गिरफ्तार किया था।
पुलिस का कहना है कि गिरोह फर्जी नामों से बोगस फर्में बनाकर, नकली बिल और ई-वे बिल तैयार करता था। फेंसेडिल सहित अन्य कोडीनयुक्त कफ सिरप की बड़े पैमाने पर तस्करी करके भारी मुनाफा कमाता था। जांच में एक दवा कंपनी के अधिकारी की संभावित संलिप्तता भी सामने आई है।







