NationalSitapur City

राज्यमंत्री के घर के पीछे पहुंचा तेंदुआ…पग चिन्ह के सहारे खोजबीन में जुटी वन विभाग की टीम

वन विभाग ने पगचिह्नों की दिशा का अध्ययन कर आसपास के कई स्थानों पर ट्रैप कैमरे लगा दिए हैं, ताकि तेंदुए की कोई भी गतिविधि कैमरे में रिकॉर्ड हो सके

सीतापुर, 5 दिसंबर 2025:

सीतापुर के कोतवाली देहात क्षेत्र के पंचमपुरवा गांव में अचानक हलचल मच गई। कारागार राज्य मंत्री सुरेश राही के घर के पीछे जंगली जानवर जैसे पगचिह्न मिलने की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। टीम ने पगचिह्नों का निरीक्षण किया और शुरुआती जांच में इन्हें तेंदुए के होने की आशंका जताई। गांव के नजदीक तेंदुए की मौजूदगी की चर्चा फैलते ही ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई।

वन विभाग ने पगचिह्नों की दिशा का अध्ययन कर आसपास के कई स्थानों पर ट्रैप कैमरे लगा दिए हैं, ताकि तेंदुए की कोई भी गतिविधि कैमरे में रिकॉर्ड हो सके। साथ ही जंगल की ओर एक पिंजरा भी लगाया गया है, जिससे जानवर को सुरक्षित तरीके से पकड़ा जा सके। अधिकारियों ने बताया कि पगचिह्नों की आकृति और गहराई तेंदुए जैसे लग रहे हैं। इसलिए कोई जोखिम न लेते हुए निगरानी बढ़ाई गई है।

टीम गांव और खेतों में लगातार कॉम्बिंग कर रही है। ग्रामीणों से कहा गया है कि वे रात में अकेले खेतों में न जाएं और किसी भी संदिग्ध हरकत की जानकारी तुरंत वन विभाग या पुलिस को दें। राज्यमंत्री के घर के पास पगचिह्न मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं। पुलिस ने इलाके में अतिरिक्त गश्त शुरू कर दी है।

विभागीय अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल तेंदुआ दिखाई नहीं दिया है, लेकिन पगचिह्नों के आधार पर उसकी मौजूदगी की संभावना को नकारा नहीं जा सकता। वन विभाग ने आश्वासन दिया है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जल्द ही पिंजरे के माध्यम से कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button