National

दबे पांव घर में घुसकर आंगन में पहुंचा… उठा ले गया मासूम, परिवार की चीखों से दहल उठा गांव

कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग क्षेत्र के गांव में हुई तेंदुए के हमले की वारदात, पीछा करने पर घर से कुछ दूर बच्ची को छोड़कर भागा, गहरे जख्मों से मौके पर हुई मौत

बहराइच, 30 जनवरी 2026:

कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग के निशानगाड़ा रेंज क्षेत्र में तेंदुए के हमले से चार साल की मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई। तेंदुआ दबे पांव घर में घुसा और आंगन में खेल रही बच्ची को उठाकर ले गया। कुछ ही दूरी पर बच्ची का शव मिलने से गांव में मातम और दहशत का माहौल है।

घटना ग्राम पंचायत रमपुरवा के मुखिया फार्म गांव की है। यहां मनोज अपने परिवार के साथ रहते हैं। उनकी चार वर्षीय बेटी अनुष्का बीती गुरुवार की शाम करीब साढ़े छह बजे घर के आंगन में अपनी बहनों के साथ खेल रही थी। इसी दौरान पास के गन्ने के खेत से निकलकर आए तेंदुए ने अचानक बच्ची पर झपट्टा मार दिया।

तेंदुआ अनुष्का को मुंह में दबोचकर खेतों की ओर भागा। बच्ची की चीख सुनकर परिजन शोर मचाते हुए पीछे दौड़े। लोगों के शोर से घबराकर तेंदुआ बच्ची को घर से करीब 50 मीटर दूर नहर किनारे झाड़ियों में छोड़कर भाग गया।

ये भी पढ़ें:

परिजन जब मौके पर पहुंचे और बच्ची को गोद में उठाया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। घटना की सूचना मिलते ही गांव और आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।

सूचना पर पहुंची पुलिस और वन विभाग की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। वन विभाग ने तेंदुए के हमले की पुष्टि की है। अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की है कि शाम के समय बच्चों को अकेले बाहर न निकलने दें और सतर्क रहें।

घटना के बाद पूरे इलाके में भय और गुस्से का माहौल है। ग्रामीणों ने तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाए जाने की मांग की है। इस संबंध में डीएफओ सूरज कुमार ने बताया कि इलाके में तेंदुए की निगरानी बढ़ा दी गई है और ग्रामीणों को लगातार जागरूक किया जा रहा है।

ये भी पढ़ें  महाकुंभ 2025: प्रयागराज से बिहार लौटने में महाजाम, सफर में लगे 18-20 घंटे

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button