Sitapur City

डेयरी संचालक की गोली मारकर हत्या…रंजिश का शक, बीकेटी के युवक समेत तीन नामजद

घटनास्थल पर बाइक गिरी मिली, सिर में मारी गई गोली, घर न लौटने पर खोजबीन के दौरान खून से लथपथ मिला था युवक

सीतापुर, 15 दिसंबर 2025:

सीतापुर जनपद में बदमाशों ने एक डेयरी संचालक की गोली मारकर हत्या कर दी। गंभीर रूप से घायल युवक को लखनऊ रेफर किया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सदरापुर गांव निवासी अनुपम यादव ने बताया कि उनके 26 वर्षीय भाई राहुल कुमार सिधौली कस्बे के महमूदाबाद चौराहे पर काव्या दूध डेयरी का संचालन करते थे। रोज की तरह दुकान बंद कर वह देर रात घर लौटते थे, लेकिन घटना वाली रात वह घर नहीं पहुंचे। काफी देर तक संपर्क न होने पर परिजन उनकी तलाश में निकल पड़े।

खोज के दौरान राहुल सरवा-हरदोइया मार्ग स्थित कोनहापुर मोड़ के पास खून से लथपथ हालत में पड़े मिले। पास में उनकी बाइक भी गिरी हुई थी। परिजन तत्काल उन्हें निजी अस्पताल ले गए, जहां से हालत गंभीर होने पर लखनऊ रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान राहुल ने दम तोड़ दिया।

ये भी पढ़ें:

सिर में गोली लगने की पुष्टि हुई है। परिजनों ने गांव के ही महेश, उसके भाई मटरू और बक्शी का तालाब निवासी मटरू के दामाद अभिषेक पर हत्या का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि एक युवती को लेकर पुरानी रंजिश चल रही थी।

पुलिस मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। एएसपी दक्षिणी दुर्गेश ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर तीन आरोपियों के खिलाफ हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

ये भी पढ़ें  हफ्तों की दहशत खत्म : सीतापुर के कई गांवों में खौफ फैलाने वाला तेंदुआ ऐसे हुआ कैद

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button