National

अमेठी को आधुनिक स्वास्थ्य का उपहार : अगले माह मिलेगा 300 बेड का अस्पताल व क्रिटिकल केयर ब्लॉक

300 करोड़ की लागत से बना स्वशासी मेडिकल कॉलेज, संबद्ध 200 बेड वाले अस्पताल में चल रहा इलाज, एमबीबीएस पाठ्यक्रम के साथ चल रहे पैरामेडिकल के 11 डिप्लोमा कोर्स

अमेठी, 18 दिसंबर 2025:

यूपी में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में योगी सरकार का एक और बड़ा कदम अमेठी जिले के लिए मील का पत्थर साबित हो रहा है। तिलोई में स्थापित स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय का निर्माण कार्य अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है। करीब 300 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहा यह मेडिकल कॉलेज न सिर्फ अमेठी बल्कि आसपास के कई जिलों के लोगों के लिए बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाओं की नई उम्मीद बनकर उभरा है।

वर्तमान में मेडिकल कॉलेज से संबद्ध 200 बेड वाला अस्पताल पूरी तरह संचालित है। इसमें ओपीडी और इनडोर सेवाएं नियमित रूप से दी जा रही हैं। आगामी 31 जनवरी 2026 तक 300 बेड के नए अस्पताल भवन और 50 बेड के अत्याधुनिक क्रिटिकल केयर ब्लॉक का हैंडओवर किया जाना प्रस्तावित है। इसके बाद इस संस्थान में कुल बेड की संख्या बढ़कर 550 हो जाएगी, जिससे क्षेत्र में गंभीर मरीजों को बड़े शहरों की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा।

WhatsApp Image 2025-12-18 at 3.14.38 PM

ये भी पढ़ें:

स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ शैक्षणिक गतिविधियां भी तेजी से विस्तार पा रही हैं। एमबीबीएस पाठ्यक्रम में 100 सीटें पहले से स्वीकृत हैं। इसके अलावा पैरामेडिकल क्षेत्र में 11 डिप्लोमा कोर्स संचालित किए जा रहे हैं। इनमें कुल 230 सीटें हैं। एनेस्थीसिया एवं क्रिटिकल केयर, ब्लड ट्रांसफ्यूजन, इमरजेंसी व ट्रॉमा केयर, लैब, ओटी और एक्स-रे टेक्नीशियन जैसे कोर्स युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर प्रदान कर रहे हैं। शैक्षणिक सत्र 2026-27 से बीएससी नर्सिंग में 60 सीटें शुरू करने की भी तैयारी है।

पोस्टग्रेजुएट स्तर पर डीएनबी कोर्स में प्रसूति एवं स्त्री रोग, बाल रोग, एनेस्थीसिया में डिप्लोमा तथा मेडिसिन में डिग्री कोर्स स्वीकृत किए जा चुके हैं। कुछ अन्य कोर्सों के लिए निरीक्षण पूरा हो चुका है और परिणाम की प्रतीक्षा है।

अस्पताल में मेडिसिन, सर्जरी, गायनेकोलॉजी, पीडियाट्रिक्स, ऑर्थोपेडिक्स, ईएनटी, डर्मेटोलॉजी सहित कई विभागों में प्रतिदिन एक हजार से अधिक मरीजों का इलाज किया जा रहा है। फिलहाल 10 बेड पर संचालित आपातकालीन सेवाएं नए अस्पताल के शुरू होने पर 30 बेड की हो जाएंगी। साथ ही 7 मेजर व 5 माइनर ऑपरेशन थियेटर, 20 बेड का आईसीयू और एनआईसीयू की सुविधा भी उपलब्ध है।

मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य डॉ. रीना शर्मा के अनुसार सरकार की मंशा के अनुरूप स्वास्थ्य सेवाओं और संसाधनों में लगातार वृद्धि की जा रही है। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता उमेश चंद्र ने बताया कि कॉलेज भवन अब जी प्लस सिक्स संरचना में तैयार हो चुका है और फिनिशिंग का कार्य चल रहा है। कुल मिलाकर यह परियोजना अमेठी के लिए स्वास्थ्य और शिक्षा दोनों क्षेत्रों में नई क्रांति लेकर आ रही है।

ये भी पढ़ें  पासपोर्ट रैंकिंग में सुधरी भारत की स्थिति, अब 59 देशों में मिलेगी भारतियों को वीजा-फ्री एंट्री

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link