Uttarakhand

खाई में गिरी निजी बस…6 यात्रियों ने दम तोड़ा, हादसे में स्टेयरिंग फेल होने की आशंका

बस में सवार थे 18 लोग, कई घायल अस्पताल में भर्ती, दुर्गम पहाड़ी इलाका और गहरी खाई होने के कारण राहत और बचाव कार्य में आईं मुश्किलें

योगेंद्र मलिक

अल्मोड़ा, 30 दिसंबर 2025:

उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में मंगलवार को भिकियासैण-विनायक रोड पर विनायक के पास एक निजी बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में अब तक 6 यात्रियों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार बस विनायक से रामनगर की ओर जा रही थी। बस में कुल 18 लोग सवार थे। रास्ते में अचानक चालक का संतुलन बिगड़ गया और बस सड़क से फिसलते हुए सैकड़ों फीट गहरी खाई में जा गिरी। चालक ने शुरुआती बयान में स्टेयरिंग फेल होने की बात कही है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं।

ये भी पढ़ें:

दुर्गम पहाड़ी इलाका और गहरी खाई होने के कारण राहत और बचाव कार्य में काफी मुश्किलें आईं। इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने भी मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान में प्रशासन का सहयोग किया। घायलों को खाई से बाहर निकालकर एम्बुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर करने की तैयारी की जा रही है। प्रशासन ने मौके पर अतिरिक्त एम्बुलेंस और राहत दल तैनात किए हैं।

फिलहाल प्रशासन मृतकों और घायलों की संख्या का अंतिम आंकलन कर रहा है। हादसे के कारणों की जांच के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन ने घटना पर गहरा शोक जताते हुए मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है।

ये भी पढ़ें  धामी ने मेधावी स्टूडेंट्स को किया सम्मानित, बोले- संस्कार व शिक्षा से ही विश्व गुरु बनेगा भारत

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button