
राजकिशोर तिवारी
देहरादून, 21 सितंबर 2026ः
उत्तराखंड के क्लेमेनटाउन क्षेत्र स्थित कंट्रोल रूम में सुबह-सुबह फोन की घंटी बजने पर पुलिसकर्मी ने फोन उठाया तो उधर से आवाज आई, साहब हमने पत्नी को गोली मार दी है। इसके बाद फोन कट हो गया। यह सुनकर पुलिसकर्मियों के होश उड़ गए। पुलिस ने दोबारा उसी नंबर पर कॉल की, लेकिन मोबाइल स्विच ऑफ बताने लगा। पुलिस मौके पर पहुंची तो एक प्लॉट में बने कमरे में महिला मृत अवस्था में मिली। पुलिस की जांच में प्रथम दृष्टया उसकी मौत गोली लगने से होना सामने आया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार सोमवार सुबह धीरज पंवार नामक व्यक्ति ने कंट्रोल रूम को सूचना दी कि उसने पत्नी को गोली मार दी है। सूचना मिलते ही क्लेमेनटाउन पुलिस ने उससे संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसका फोन लगातार स्विच ऑफ मिला। इसके बाद पुलिस टीम ने कॉल की लोकेशन के आधार पर मौके की तलाश शुरू की। जांच के दौरान एक प्लॉट के अंदर बने कमरे से काजल (26 वर्ष) का शव बरामद हुआ। काजल ईदगाह रोड, सुभाष नगर, सत्य साईं मंदिर के पास रहती थी और मूल रूप से ग्राम मेघा शकरपुर, थाना पुरकाजी, मुजफ्फरनगर की रहने वाली थी।
महिला के भाई अभिषेक के मुताबिक उसकी बहन और धीरज के बीच पिछले कई दिनों से विवाद चल रहा था। अभिषेक भी घर के बगल में रह रहा था। घटना के बाद पुलिस और फील्ड यूनिट ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। भाई की तहरीर पर थाना क्लेमेनटाउन में हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी धीरज पंवार की तलाश और गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया है। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।






