Lucknow City

डबल डेकर पर डबल मजा : मॉक ड्रिल में छाई लखनऊ दर्शन इलेक्ट्रिक बस, 7 जनवरी से गाइडेड सिटी टूर

सुबह और शाम के मॉक ड्रिल में अधिकारियों, परिवारों, छात्रों और आमजन की रही जबरदस्त भागीदारी, बस यात्रियों को लखनऊ की ऐतिहासिक विरासत, आधुनिक शहरी जीवन का एक नया, नजदीकी और अनोखा अनुभव मिलेगा

लखनऊ, 4 जनवरी 2026:

यूपी राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) ने लखनऊ दर्शन इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस सेवा के दो सफल मॉक ड्रिल पूरे कर लिए हैं। इसके साथ ही 7 जनवरी से नियमित सिटी टूर शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है। यह नई पहल न केवल शहर के पर्यटन को नया आयाम देगी.बल्कि पर्यावरण अनुकूल और सुव्यवस्थित शहरी भ्रमण का एक आकर्षक विकल्प भी प्रदान करेगी।
सुबह के सिटी टूर का मॉक ड्रिल 3 जनवरी को आयोजित किया गया, जबकि शाम के टूर का मॉक ड्रिल 4 जनवरी को संपन्न हुआ।

दोनों ही अभ्यास यात्राओं में यात्रियों, अधिकारियों और पर्यटन क्षेत्र से जुड़े लोगों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। एलिवेटेड सिटी टूर की अवधारणा पर आधारित यह इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस यात्रियों को लखनऊ की ऐतिहासिक विरासत और आधुनिक शहरी जीवन का एक नया, नजदीकी और अनोखा अनुभव देने के लिए तैयार की गई है।

मॉक ड्रिल के दौरान बस कोठी हयात बख्श, राजभवन और जीपीओ जैसे प्रमुख इलाकों से होकर गुजरी। निर्धारित रूट पर पहला प्रमुख ठहराव विधानभवन रहा जहां यात्रियों को शहर के इतिहास और महत्व के बारे में जानकारी दी गई। गाइडेड टूर और चयनित दर्शनीय स्थलों की व्यवस्था को प्रतिभागियों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली।

WhatsApp Image 2026-01-04 at 6.15.06 PM

सुबह के मॉक ड्रिल में उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग, वन विभाग, रोडवेज और नगर निगम के अधिकारी, इंजीनियरिंग के छात्र तथा टूर-ट्रैवल एजेंसियों के प्रतिनिधि शामिल हुए। छात्रों ने इस अनुभव को शैक्षणिक और ज्ञानवर्धक बताया। टूर-ट्रैवल इंडस्ट्री से जुड़े लोगों ने इसे लखनऊ के लिए एक सशक्त और आकर्षक नया सिटी टूर प्रोडक्ट करार दिया।

शाम 4 बजे शुरू हुए मॉक ड्रिल में 45 यात्रियों ने हिस्सा लिया। उनमें पर्यटन विभाग के अधिकारी अपने परिवारों के साथ, परिवहन विभाग के प्रतिनिधि और आम नागरिक शामिल थे। बस के भीतर उत्साह और रोमांच का माहौल साफ नजर आया। यात्री पूरे सफर के दौरान फोटो और वीडियो बनाते दिखे। सड़कों पर मौजूद लोग भी इस आकर्षक डबल डेकर बस को देखकर उत्साहपूर्वक तस्वीरें खींचते नजर आए। कई स्थानों पर आमजन में बस में सवार होने की उत्सुकता भी दिखाई दी।

मॉक ड्रिल के दौरान यात्रियों की सुविधा और ऑन-बोर्ड अनुभव को और बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया गया। 7 जनवरी से शुरू होने वाली नियमित सेवा में यात्रियों को हल्का जलपान भी उपलब्ध कराया जाएगा। अधिक लोगों को जोड़ने के उद्देश्य से 31 जनवरी तक टिकट बुकिंग पर 10 प्रतिशत की विशेष छूट दी जा रही है।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि यह मॉक ड्रिल एक साझा प्रयास के रूप में आयोजित की गई, ताकि सेवा संचालन के साथ-साथ यात्रियों के अनुभव को भी बेहतर बनाया जा सके। उन्होंने बताया कि अधिकारियों, छात्रों, परिवारों और ट्रैवल प्रोफेशनल्स की भागीदारी से यह स्पष्ट हुआ है कि लखनऊ दर्शन इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस लोगों को एक यादगार अनुभव देने में सक्षम है।

उन्होंने विश्वास जताया कि यह सेवा लखनऊ को एक जीवंत शहरी विरासत शहर के रूप में स्थापित करने में मदद करेगी। बुकिंग पहले से ही शुरू हो चुकी है और 7 जनवरी से टूर आरंभ होने के साथ यह बस परिवारों, छात्रों, पर्यटकों और पहली बार लखनऊ आने वाले यात्रियों के लिए शहर को देखने का एक आरामदायक, गाइडेड और सुव्यवस्थित विकल्प बनने जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button