National

पांच करोड़ का सोना-चांदी, नंगे पांव प्रण व योगी को PM बनाने की जिद… माघ मेले में छाए ‘गूगल गोल्डन बाबा’

श्रद्धालुओं के लिए कौतूहल और आकर्षण का विषय बने कानपुर के रहने वाले मनोज आनंद उर्फ गूगल गोल्डन बाबा, सोने और चांदी के आभूषण धारण करते, हाथों में देवी-देवताओं की आकृति वाली अंगूठियां, गले में सोने-चांदी का शंख, सिर पर चांदी से बना भव्य मुकुट और हाथों में रहती सोने से बनी लड्डू गोपाल की मूर्ति

प्रयागराज, 17 जनवरी 2026:

यूपी के प्रयागराज में संगम तट पर आयोजित माघ मेले में देश भर से आए साधु-संतों और बाबाओं के अनोखे रूप लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। जगद्गुरु संतोष दास उर्फ सतुआ बाबा के बाद अब माघ मेले में एक और बाबा चर्चा में हैं। इन्हें लोग ‘गूगल गोल्डन बाबा’ के नाम से जानते हैं। मूल रूप से कानपुर के रहने वाले मनोज आनंद उर्फ गूगल गोल्डन बाबा अपनी सोने-चांदी से सजी भव्य वेशभूषा और कठोर संकल्प के कारण सुर्खियों में बने हुए हैं।

गोल्डन बाबा का दावा है कि वह अपने शरीर पर करीब पांच करोड़ रुपये से अधिक कीमत के सोने और चांदी के आभूषण धारण करते हैं। उनके हाथों में देवी-देवताओं की आकृति वाली अंगूठियां हैं, गले में सोने-चांदी का शंख, सिर पर कई किलो चांदी से बना भव्य मुकुट और हाथों में सोने से बनी लड्डू गोपाल की मूर्ति हमेशा रहती है। बाबा की यह वेशभूषा माघ मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए कौतूहल और आकर्षण का विषय बनी हुई है।

86cc00dc-da13-4ebc-a25a-76c166ae3b70

भगवा वस्त्रों में सजे गूगल गोल्डन बाबा के कपड़ों पर यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ को प्रधानमंत्री बनाने का संदेश भी छपा हुआ है। बाबा ने दावा किया है कि जब तक सीएम योगी आदित्यनाथ देश के प्रधानमंत्री नहीं बन जाते, तब तक वह नंगे पांव ही रहेंगे और परिक्रमा करते रहेंगे। उन्होंने बताया कि पहले वह करीब पांच लाख रुपये की चांदी की चप्पल पहनते थे लेकिन अब इस कठोर संकल्प के तहत उन्होंने नंगे पांव रहने का प्रण लिया है।

गोल्डन बाबा ने कहा कि उन्हें सोना और चांदी पहनने का शौक इसलिए है क्योंकि वह क्षत्रिय हैं। पिछले करीब 20 वर्षों से वह इसी वेशभूषा में रह रहे हैं। बाबा चांदी के बर्तनों में भोजन करते हैं और उनके मुकुट पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीर भी लगी हुई है। उनका कहना है कि वह अब तक उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में भ्रमण कर चुके हैं और पिछले आठ वर्षों से लगातार माघ मेले में आकर अनुष्ठान करते हैं।

सुरक्षा को लेकर पूछे गए सवाल पर बाबा ने कहा कि उन्हें किसी प्रकार का डर नहीं लगता। उनके अनुसार.मेरे साथ मेरे लड्डू गोपाल हैं, इसलिए मुझे किसी सुरक्षा की जरूरत नहीं है। मैं अपने प्रभु के साथ सुरक्षित हूं। अपने पुराने जीवन के बारे में बाबा ने मुस्कराते हुए कहा कि वह पैदायशी रईस हैं।

‘गूगल गोल्डन बाबा’ नाम को लेकर बाबा का कहना है कि उन्हें यह नाम इसलिए मिला क्योंकि गूगल पर सर्च करते ही वह सामने आ जाते हैं। माघ मेला क्षेत्र के सेक्टर दो में अपने शिविर में रहकर गूगल गोल्डन बाबा श्रद्धालुओं से रूबरू हो रहे हैं। वे अपनी सोने-चांदी की भव्यता व अनोखे संकल्प के चलते पूरे मेले में छाए हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button