NationalUttar Pradesh

राम जन्मभूमि ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास की तबीयत बिगड़ी, ग्रीन कॉरिडोर से लखनऊ रेफर

डॉक्टरों की एक विशेष टीम के साथ एंबुलेंस से भेजा गया मेदांता अस्पताल, विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम तैनात, लंबे समय से स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे बुजुर्ग महंत, संतों ने की उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना

अयोध्या, 21 जनवरी 2026:

राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं अयोध्या के संत महंत नृत्य गोपाल दास की तबीयत बुधवार को अचानक बिगड़ गई। सांस लेने में तकलीफ, बुखार, उल्टी और अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की शिकायत के बाद उन्हें तत्काल लखनऊ स्थित मेदांता अस्पताल रेफर किया गया। उनकी स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने ग्रीन कॉरिडोर बनाकर एंबुलेंस के जरिए उन्हें लखनऊ भेजा।

जानकारी के अनुसार महंत नृत्य गोपाल दास की प्राथमिक जांच के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें यूरिन इंफेक्शन होने की बात भी कही। इसके अलावा बढ़ती ठंड और गलन के कारण उन्हें सीने में जकड़न और सांस लेने में कठिनाई की शिकायत भी थी। उनकी उम्र और पुरानी बीमारियों को ध्यान में रखते हुए डॉक्टरों ने बिना देर किए उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र ले जाने की सलाह दी।

श्रीराम हॉस्पिटल के प्रशासनिक अधिकारी ने बताया कि सूचना मिलते ही डॉक्टरों की एक टीम ने उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया। जांच के बाद उनकी हालत को गंभीर मानते हुए उन्हें तुरंत मेदांता लखनऊ रेफर किया गया। डॉक्टरों की एक विशेष टीम एंबुलेंस के साथ लखनऊ के लिए रवाना हुई है ताकि रास्ते में किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।

ये भी पढ़ें:

WhatsApp Image 2026-01-21 at 1.06.03 PM

मेदांता अस्पताल के क्रिटिकल केयर विभाग को पहले ही अलर्ट कर दिया गया था। अस्पताल प्रशासन के अनुसार महंत नृत्य गोपाल दास के इलाज के लिए विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम तैनात की गई है। उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। हालांकि डॉक्टरों ने उन्हें निगरानी में रखने का फैसला लिया है।

महंत नृत्य गोपाल दास की तबीयत बिगड़ने की खबर मिलते ही अयोध्या के संत समाज और देश-विदेश में फैले उनके करोड़ों अनुयायियों में चिंता की लहर दौड़ गई। हनुमानगढ़ी सहित अयोध्या के प्रमुख मठों और मंदिरों के संतों ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की है। राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्यों ने भी उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

गौरतलब है कि 80 वर्ष से अधिक आयु के महंत नृत्य गोपाल दास लंबे समय से स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं। इससे पहले भी उन्हें नियमित जांच और इलाज के लिए कई बार मेदांता अस्पताल ले जाया जा चुका है। उम्र के कारण उनका स्वास्थ्य संवेदनशील बना रहता है। ऐसे में डॉक्टर पूरी सतर्कता बरत रहे हैं।

ये भी पढ़ें  सीबीएसई : 10वीं-12वीं के रिजल्ट में खूब बरसे अंक, छात्राओं का दिखा रुतबा

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link