NationalUttar Pradesh

एयरफोर्स का ट्रेनी विमान तालाब में गिरा, अपनी सूझबूझ से दोनों पायलट सुरक्षित

प्रयागराज में बचा बड़ा हादसा, धमाके के साथ खुला पैराशूट, विमान धीरे-धीरे नीचे उतरते हुए जलकुंभी से भरे तालाब में जा गिरा, घनी जलकुंभी के कारण विमान डूबा नहीं और पायलटों को बाहर निकालना हुआ आसान

प्रयागराज, 21 जनवरी 2026:

यूपी के प्रयागराज में बुधवार दोपहर भारतीय वायुसेना का एक ट्रेनी माइक्रोलाइट विमान तकनीकी खराबी के चलते हादसे का शिकार हो गया। इंजन में अचानक आई गड़बड़ी के बाद पायलटों ने सूझबूझ दिखाते हुए विमान को रिहाइशी इलाके से दूर केपी कॉलेज के पीछे स्थित तालाब की ओर मोड़ दिया। पैराशूट के सहारे आपातकालीन लैंडिंग कराए जाने से बड़ा हादसा टल गया। विमान में सवार दोनों पायलट सुरक्षित हैं।

WhatsApp Image 2026-01-21 at 5.08.50 PM

हादसा जार्ज टाउन क्षेत्र में दोपहर करीब 12 बजे हुआ। बताया गया कि विमान बमरौली स्थित वायुसेना स्टेशन से प्रशिक्षण उड़ान पर निकला था। उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी सामने आने पर पायलटों ने तुरंत इमरजेंसी प्रक्रिया अपनाई और विमान का पैराशूट खोल दिया। तेज धमाके के साथ पैराशूट खुला और विमान धीरे-धीरे नीचे उतरते हुए जलकुंभी से भरे तालाब में जा गिरा।

ये भी पढ़ें:

संयोगवश तालाब में फैली घनी जलकुंभी के कारण विमान डूबा नहीं जिससे पायलटों को बाहर निकालना आसान हो गया। विमान गिरते ही आसपास मौजूद स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़ पड़े। रेलवे लाइन की ओर से पहुंचे लोगों ने तालाब में उतरकर दोनों पायलटों को सुरक्षित बाहर निकाला। हल्की चोटें आने के कारण उन्हें एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया जहां उनकी हालत पूरी तरह सामान्य बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, फायर ब्रिगेड, एसडीआरएफ और वायुसेना की टीमें मौके पर पहुंच गईं। वायुसेना का एक हेलीकॉप्टर भी राहत व बचाव के लिए घटनास्थल पर पहुंचा। फिलहाल विमान को तालाब से बाहर निकालने की प्रक्रिया चल रही है। मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई, जिसे नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

पुलिस उपायुक्त नगर मनीष शांडिल्य के मुताबिक पायलटों ने सूझबूझ से तालाब में सेफ लैंडिंग कराई जिससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। वहीं रक्षा प्रवक्ता विंग कमांडर देबार्थो धर ने पुष्टि की कि यह दो सीटर माइक्रोलाइट प्रशिक्षण विमान था। दोनों वायुसेना अधिकारी पूरी तरह सुरक्षित हैं। गौरतलब है कि इन दिनों प्रयागराज में माघ मेला चल रहा है। यदि विमान रिहाइशी इलाके या भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में गिरता तो बड़ा हादसा हो सकता था।

WhatsApp Image 2026-01-21 at 5.08.32 PM

ये भी पढ़ें  सीएम योगी ने राष्ट्रपति व उप राष्ट्रपति को दिया महाकुम्भ का निमंत्रण

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link