प्रयागराज, 21 जनवरी 2026:
यूपी के प्रयागराज में बुधवार दोपहर भारतीय वायुसेना का एक ट्रेनी माइक्रोलाइट विमान तकनीकी खराबी के चलते हादसे का शिकार हो गया। इंजन में अचानक आई गड़बड़ी के बाद पायलटों ने सूझबूझ दिखाते हुए विमान को रिहाइशी इलाके से दूर केपी कॉलेज के पीछे स्थित तालाब की ओर मोड़ दिया। पैराशूट के सहारे आपातकालीन लैंडिंग कराए जाने से बड़ा हादसा टल गया। विमान में सवार दोनों पायलट सुरक्षित हैं।

हादसा जार्ज टाउन क्षेत्र में दोपहर करीब 12 बजे हुआ। बताया गया कि विमान बमरौली स्थित वायुसेना स्टेशन से प्रशिक्षण उड़ान पर निकला था। उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी सामने आने पर पायलटों ने तुरंत इमरजेंसी प्रक्रिया अपनाई और विमान का पैराशूट खोल दिया। तेज धमाके के साथ पैराशूट खुला और विमान धीरे-धीरे नीचे उतरते हुए जलकुंभी से भरे तालाब में जा गिरा।
संयोगवश तालाब में फैली घनी जलकुंभी के कारण विमान डूबा नहीं जिससे पायलटों को बाहर निकालना आसान हो गया। विमान गिरते ही आसपास मौजूद स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़ पड़े। रेलवे लाइन की ओर से पहुंचे लोगों ने तालाब में उतरकर दोनों पायलटों को सुरक्षित बाहर निकाला। हल्की चोटें आने के कारण उन्हें एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया जहां उनकी हालत पूरी तरह सामान्य बताई जा रही है।
An Indian Air Force microlight aircraft crashed in Uttar Pradesh’s Prayagraj on Tuesday during a routine training sortie. Both pilots on board safe, no civilian casualty reported#PlaneCrash pic.twitter.com/kc0TfnbmhB
— Abhijit Pathak (@aajtakabhijit) January 21, 2026
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, फायर ब्रिगेड, एसडीआरएफ और वायुसेना की टीमें मौके पर पहुंच गईं। वायुसेना का एक हेलीकॉप्टर भी राहत व बचाव के लिए घटनास्थल पर पहुंचा। फिलहाल विमान को तालाब से बाहर निकालने की प्रक्रिया चल रही है। मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई, जिसे नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस उपायुक्त नगर मनीष शांडिल्य के मुताबिक पायलटों ने सूझबूझ से तालाब में सेफ लैंडिंग कराई जिससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। वहीं रक्षा प्रवक्ता विंग कमांडर देबार्थो धर ने पुष्टि की कि यह दो सीटर माइक्रोलाइट प्रशिक्षण विमान था। दोनों वायुसेना अधिकारी पूरी तरह सुरक्षित हैं। गौरतलब है कि इन दिनों प्रयागराज में माघ मेला चल रहा है। यदि विमान रिहाइशी इलाके या भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में गिरता तो बड़ा हादसा हो सकता था।







