Lucknow City

यात्रीगण ध्यान दें… बांद्रा एक्सप्रेस कई दिन ऐशबाग से चलेगी, 13 फरवरी से उधना-अयोध्या कैंट स्पेशल ट्रेन

लखनऊ जंक्शन पर चल रहे कॉन्कोर्स निर्माण कार्य के चलते बांद्रा टर्मिनस-लखनऊ एक्सप्रेस के टर्मिनल में किया गया अस्थायी बदलाव, यात्रियों की सुविधा के लिए उधना जंक्शन से अयोध्या कैंट के बीच एक विशेष ट्रेन के संचालन की घोषणा

लखनऊ, 25 जनवरी 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ से विभिन्न स्थानों की रेल यात्रा करने वालों के लिए अहम सूचना है। लखनऊ जंक्शन पर चल रहे कॉन्कोर्स निर्माण कार्य के चलते प्लेटफॉर्म संख्या दो और तीन पर आने-जाने वाली कुछ ट्रेनों के टर्मिनल में अस्थायी बदलाव किया गया है। इसके साथ ही यात्रियों की सुविधा को देखते हुए उधना जंक्शन से अयोध्या कैंट के बीच एक विशेष ट्रेन के संचालन की घोषणा भी की गई है। ये ट्रेन लखनऊ के रास्ते चलेगी।

पूर्वोत्तर रेलवे के सीपीआरओ पंकज कुमार सिंह के मुताबिक बांद्रा टर्मिनस से लखनऊ आने वाली बांद्रा टर्मिनस-लखनऊ एक्सप्रेस अब लखनऊ जंक्शन के बजाय ऐशबाग स्टेशन पर टर्मिनेट की जाएगी। यह व्यवस्था 31 जनवरी, 7, 14 और 21 फरवरी को लागू रहेगी। यह ट्रेन दोपहर 2:20 बजे ऐशबाग स्टेशन पहुंचेगी।

वापसी में लखनऊ जंक्शन-बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस भी निर्धारित तिथियों में लखनऊ जंक्शन के बजाय ऐशबाग स्टेशन से संचालित की जाएगी। यह ट्रेन 1, 8, 15 और 22 फरवरी को शाम 5:50 बजे ऐशबाग स्टेशन से रवाना होगी। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन का स्टेशन और समय अवश्य जांच लें।

इस बीच उत्तर रेलवे ने उधना जंक्शन और अयोध्या कैंट के बीच एक स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की है। उत्तर रेलवे के सीपीआरओ हिमांशु शेखर उपाध्याय के अनुसार उधना-अयोध्या कैंट स्पेशल 13 फरवरी से 27 मार्च तक हर शुक्रवार को उधना जंक्शन से सुबह 7:25 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन वडोदरा, गोधरा, रतलाम, उज्जैन, बीना, झांसी और कानपुर सेंट्रल होते हुए अगले दिन सुबह 7:45 बजे लखनऊ जंक्शन पहुंचेगी। इसके बाद बाराबंकी के रास्ते सुबह 8:30 बजे अयोध्या कैंट पहुंचेगी।

वापसी में अयोध्या कैंट-उधना स्पेशल 14 फरवरी से 28 मार्च तक प्रत्येक शनिवार को अयोध्या कैंट से शाम 5:17 बजे चलकर शाम 6:40 बजे लखनऊ जंक्शन पहुंचेगी और अगले दिन शाम सवा पांच बजे उधना जंक्शन पहुंचेगी। इस स्पेशल ट्रेन में जनरल, स्लीपर और वातानुकूलित (एसी) श्रेणी के कोच उपलब्ध रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button