सीतापुर, 27 जनवरी 2026:
खैराबाद थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के चलते एक नवविवाहिता ने आत्मघाती कदम उठाया। मोहल्ला मियां सराय निवासी महिला ने चाकू से अपने दोनों हाथों की नसें काट लीं। घटना से घर में अफरा तफरी मच गई। परिजनों ने तुरंत महिला को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज किया गया।
घायल महिला की पहचान फरहीन बानो के रूप में हुई है। अस्पताल में इलाज के दौरान फरहीन ने बताया कि घर में लंबे समय से चल रहे पारिवारिक तनाव और आपसी झगड़ों के कारण वह मानसिक रूप से काफी परेशान थी। परिजनों के अनुसार घटना से पहले किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी, जिसके बाद महिला ने यह कदम उठा लिया।
सूचना मिलने पर खैराबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस का कहना है कि महिला के बयान और परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जिला अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार महिला को अधिक खून बहने की हालत में अस्पताल लाया गया था, लेकिन समय रहते इलाज मिलने से उसकी जान बचा ली गई। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है और डॉक्टरों की टीम लगातार निगरानी में इलाज कर रही है।






