योगेंद्र मलिक
हल्द्वानी, 27 जनवरी 2026:
महाशिवरात्रि पर 15 फरवरी को छोटा कैलाश में आयोजित होने वाले प्रसिद्ध मेले की तैयारियों को लेकर प्रशासनिक स्तर पर हंगामे की स्थिति सामने आई। मेले की व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए जिला पंचायत अध्यक्ष नैनीताल और भीमताल विधायक की संयुक्त बैठक आयोजित की गई थी, लेकिन कई जिम्मेदार अधिकारियों के अनुपस्थित रहने पर विधायक भीमताल राम सिंह कैड़ा ने कड़ी नाराज़गी जताई।
बैठक के दौरान मंदिर से जुड़ी दो समितियों के बीच व्यवस्थाओं को लेकर आपसी मतभेद भी सामने आए, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। विधायक राम सिंह कैड़ा ने दोनों समितियों से व्यवस्थाओं को लेकर स्पष्ट जवाब मांगा, लेकिन संतोषजनक उत्तर न मिलने पर उन्होंने नाराज़ होकर बैठक छोड़ने की बात कही। इस पर मौके पर मौजूद अधिकारियों ने उन्हें समझाकर स्थिति को संभाला।

इसके बाद मुख्य विकास अधिकारी नैनीताल ने बैठक में उपस्थित सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिवरात्रि मेले से संबंधित सभी व्यवस्थाओं को समय रहते दुरुस्त किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की परेशानी न उठानी पड़े।
बैठक के बाद विधायक राम सिंह कैड़ा ने कहा कि छोटा कैलाश में शिवरात्रि का मेला पूरी भव्यता और बेहतर व्यवस्थाओं के साथ आयोजित किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि श्रद्धालु यहां से सुखद अनुभव और यादें लेकर लौटेंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि आने वाले समय में छोटा कैलाश को देश और विदेश में एक प्रमुख धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में स्थापित करने के लिए ठोस और योजनाबद्ध प्रयास किए जाएंगे।






