हरदोई, 29 जनवरी 2026:
माधौगंज थाना क्षेत्र के अटवा अली मर्दानपुर गांव में खेत से चना उखाड़ने को लेकर हुए विवाद में एक युवक को गोली मार दी गई। गंभीर रूप से घायल युवक को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से हालत बिगड़ने पर उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया है।
घायल युवक की पहचान सुखवासी के रूप में हुई है। उनकी पत्नी फूलमती के मुताबिक, सुखवासी दवा लेकर घर लौट रहे थे, तभी गांव के कुछ लोगों ने उन्हें रास्ते में घेर लिया। आरोप है कि पुरानी रंजिश और खेत से चना उखाड़ने की बात को लेकर पहले मारपीट की गई और जब उन्होंने विरोध किया तो उन पर गोली चला दी गई।
घटना की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। क्षेत्राधिकारी बिलग्राम रवि प्रकाश सिंह ने बताया कि गोली लगने की सूचना पर तत्काल कार्रवाई की गई है। पुलिस ने एक नामजद आरोपी को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार घायल का मेडिको लीगल परीक्षण कराया गया है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, वहीं अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि हालात पर पूरी नजर रखी जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।






