Sitapur City

मंडप के नीचे हो रही थी तीसरी शादी… दूसरी पत्नी का हंगामा, दूल्हे को उठा ले गई पुलिस

महोली का युवक व मछरेहटा की है युवती, दहेज प्रताड़ना का केस कोर्ट में है लंबित, पहली पत्नी को दे चुका तलाक, पुलिस आने के बाद गेस्ट हाउस से खिसक गए मेहमान

सीतापुर, 6 फरवरी 2026:

महोली इलाके में तीसरी शादी की तैयारी कर रहे एक युवक को भरे मंडप से पुलिस उठाकर ले गई। यह कार्रवाई युवक की दूसरी पत्नी की शिकायत पर हुई। युवती खुद भी पहुंची और जमकर खरीखोटी सुनाई व हाथापाई भी की। घटना के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई और बराती-घराती सन्न रह गए। मेहमान धीरे-धीरे खिसक गए।

बताया गया कि महोली निवासी विपिन की पहली शादी हरदोई जिले की नीतू नामक महिला से हुई थी, जिसे वह तलाक दे चुका है। इसके बाद उसने मछरेहटा थाना क्षेत्र के हीरापुरगंज गांव की एक युवती से दूसरी शादी की। महिला का आरोप है कि शादी के कुछ ही दिनों बाद ससुराल पक्ष ने चार लाख रुपये अतिरिक्त दहेज की मांग शुरू कर दी और उसको मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना दी गई।

पीड़िता के मुताबिक, शादी में करीब 20 से 21 लाख रुपये खर्च हुए थे, लेकिन विवाह के महज दस दिन बाद ही उसे मायके लौटने पर मजबूर होना पड़ा। इस मामले में दहेज उत्पीड़न से जुड़ा मुकदमा न्यायालय में विचाराधीन है।

ये भी पढ़ें:

इसी बीच आरोपी युवक ने महोली कोतवाली क्षेत्र के एक गेस्ट हाउस में तीसरी शादी तय कर ली। शादी की रस्में शुरू होने ही वाली थीं कि दूसरी पत्नी को इसकी भनक लग गई। वह सीधे पुलिस के पास पहुंची और बताया कि उसका पति कोर्ट में मामला चलने के बावजूद तीसरी शादी कर रहा है।

शिकायत मिलते ही मछरेहटा पुलिस हरकत में आई और पीड़िता को साथ लेकर महोली के गेस्ट हाउस पहुंची। जैसे ही महिला मंडप में दाखिल हुई, उसने खुद दूल्हे को पकड़ लिया और सबके सामने उसकी हकीकत बयान कर दी। मंडप में मौजूद लोग यह सुनकर हैरान रह गए।

पुलिस ने आरोपी युवक को मौके से हिरासत में लेकर मछरेहटा थाने लेकर आई। पुलिस का कहना है कि फिलहाल दोनों पक्षों से बातचीत की जा रही है। यदि किसी पक्ष की ओर से लिखित तहरीर मिलती है तो मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें  पं. बंगाल चुनाव में वीडियो वार : IPS अजय पाल शर्मा पर भड़के अखिलेश, बोले... एजेंटों को सजा दिलाएंगे

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button